बिहार के नवादा जिले में बीती रात पुल निर्माण कार्य में जुटी एजेंसी के बेस कैंप पर नक्सलियों ने हमला कर दिया। नक्सलियों ने मजदूरों के साथ मारपीट की और वाहनों में आग लगा दी।  

नवादा। जिले के बकसोती-महेशपुर के पास सकरी नदी पर पुल निर्माण का काम चल रहा है। गोविंदपुर थाना क्षेत्र में चल रहे इस पुल निर्माण कार्य में लगी एजेंसी के बेस कैंप पर बीती रात नक्सलियों ने हमला कर दिया। 30-35 की संख्या में पहुंचे नक्सलियों ने बेस कैंप में सो रहे मजदूरों के साथ मारपीट की गई। जेसीबी और बोलेरो में आग लगा दी गई। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना लेवी के लिए की गई है। निर्माण एजेंसी से नक्सली पहले से ही लेवी की मांग कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि लेवी के लिए खौफ बढ़ाने के उद्देश्य से नक्सलियों ने यह हमला किया। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

30-35 की संख्या में पहुंचे थे नक्सली
बेस कैंप में रहने वाले मजदूरों ने बताया कि देर रात हम सभी सो रहे थे। तभी 30-35 की संख्या में आए नक्सलियों ने हमपर हमला कर दिया। हमलोगों के कपड़े उतराकर पिटाई की। एक जेसीबी और बोलेरो को जला दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गोविंदपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घटना की जानकारी आस-पास में फैलने के बाद सोमवार की सुबह स्थानीय लोगों की भीड़ बेस कैंप पर जुट गई। पुलिस के वरीय अधिकारी भी बेस कैंप पर पहुंचे और जांच की।

घटना के बाद आस-पास के गांव में खौफ
बताते चले कि इस निर्माण एजेंसी के बेस कैंप पर 16-17 मजदूर काम कर रहे हैं। जो दिन में काम करने के बाद रात को बेस कैंप में सोते हैं। रविवार की देर रात हुए नक्सली हमले के बाद मजदूर भयभीत है। सभी मजदूर काम छोड़ कर भागने की तैयारी में है। इस घटना के बाद आस-पास के गांव में भी भय का माहौल व्यापत हो गया है। बताते चले कि सकरी नदी पर जिस पुल का निर्माण कार्य चल रहा है उसके पूरा होने के बाद आस-पास के कई गांवों को फायदा होगा। लेकिन इस हमले के बाद पुल निर्माण का कार्य अधर में लटकता दिख रहा है।