शादी के महज 5 महीने बाद ही गर्भवती महिला की गला दबाकर नृशंस हत्या कर दी गई। हत्या करने वाले लोग कोई और नहीं बल्कि उसकी ससुराल वाले थे। वह शादी के बाद से ही लगातार दहेज़ की मांग कर रहे थे। 

गोपालगंज(Bihar). शादी के महज 5 महीने बाद ही गर्भवती महिला की गला दबाकर नृशंस हत्या कर दी गई। हत्या करने वाले लोग कोई और नहीं बल्कि उसकी ससुराल वाले थे। वह शादी के बाद से ही लगातार दहेज़ की मांग कर रहे थे। उनकी मांग के मुताबिक दहेज़ की व्यवस्था न हो पाई तो उन्होंने गर्भवती विवाहिता को मार डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही जांच शुरू कर दी है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

 मामला गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के कोन्हवा गांव का है, जंहा पर रहने वाली सोनी देवी की ससुराल वालों ने गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका महिला की शादी बिजेंद्र साह से पांच महीने पहले 9 मई 2022 को हुई थी। पुलिस ने हत्या के बाद आरोपी सास तीजा देवी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मृतका के पति समेत बाकी के सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।

शादी में दिया था दहेज़, पर बढ़ती जा रही थी डिमांड 
मृतका की मां ने बताया कि ससुराली जनों ने चंद पैसों के लिए मेरी बेटी की बेरहमी से पिटाई की, और रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि हत्या करने के बाद दामाद ने ही फोन पर खबर दी और उसके बाद सभी फरार हो गए। परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज़ दिया था। इसके बाद ससुराल वाले दहेज के पैसों के लिए सोनी को प्रताड़ित किया करते थे। गर्भवती होने के बाद भी उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी करते थे।

ससुराल वालों ने छीन लिया था फोन 
मृतका के परिजनों का कहना है कि उन्होंने बेटी को बात करने के लिए मोबाइल फोन दिया था, लेकिन ससुराल वालों ने छीनकर रख लिया था। मृतका के परिजनों का कहना है कि 4 अक्टूबर की रात के 12 बजे सोनी के पति बिजेंद्र साह ने फोन कर हत्या की खबर दी। उसके बाद सभी फरार हो गए। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी सास तीजा देवी को गिरफ्तार कर लिया। सदर एसडीपीओ संजीव कुमार ने कहा कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही आरोपियों के विरुद्ध गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।