35 साल के लंबे इंतजार के बाद केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ने अपने कैडर की दो महिला अधिकारियों को अपनी दंगा रोधी इकाई त्वरित कार्रवाई बल (RAF) और बिहार सेक्टर का महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया है। 

पटना(Bihar). केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के इतिहास में पहली बार ऐसा क्षण आने जा रहा है जो नारी शक्ति को गौरवान्वित करने वाला है। 35 साल के लंबे इंतजार के बाद केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ने अपने कैडर की दो महिला अधिकारियों को अपनी दंगा रोधी इकाई त्वरित कार्रवाई बल (RAF) और बिहार सेक्टर का महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया है। देश में 3.25 लाख कर्मियों वाले सबसे बड़े अर्धसैनिक बल में पहली बार महिला अधिकारी 1987 में शामिल हुई थीं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जानकारी के मुताबिक सीआरपीएफ मुख्यालय द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के तहत सीनियर अधिकारी एनी अब्राहम को त्वरित कार्रवाई बल (RAF) का आईजी नियुक्त किया गया है, जबकि सीमा ढौंढिया को बिहार सेक्टर का आईजी नियुक्त किया गया है। सीआरपीएफ के इतिहास में यह पहली बार होगा जब RAF का नेतृत्व कोई महिला आईजी करेगी। दोनों महिला अधिकारी 1987 में महिला अधिकारियों के पहले बैच के रूप में सीआरपीएफ में शामिल हुईं थीं।

सीआरपीएफ में बतौर अस्टिटेंट कमांडेंट हुई थीं भर्ती 
रिपोर्ट्स के मुताबिक एनी अब्राहम और सीमा ढौंढिया दोनों ही सीआरपीएफ में पहले बैच की महिला अधिकारी है। दोनों ही अस्टिटेंट कमांडेंट के तौर पर सीआरपीएफ में शामिल हुई थीं। 1986 में पहली बार सीआरपीएफ में महिला बटालियन का गठन किया गया था। इन दोनों की 1987 में नियुक्ति हुई थी। 

दोनों महिला अधिकारियों को मिल चुका है राष्ट्रपति से सम्मान 
सीआरपीएफ की दोनों महिला अधिकारियों को बेहतर कार्य के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार भी मिल चुका है। एनी अब्राहम, दिल्ली फोर्स हेडक्वार्टर में डीआईजी (इंटेलीजेंस) और कश्मीर में डीआईजी (ऑपरेशन्स) की जिम्मेदारी भी निभा चुकी हैं। इसके अलावा वो लाईबेरिया में ऑल फीमेल पुलिस यूनिट की इंचार्ज भी रही हैं। वहीं सीमा ढौंढिया पहले बिहार आरएएफ की डीआईजी के पद पर तैनात थीं।