हैदराबाद में एक डॉक्टर के संग गैंग रेप और फिर मर्डर के बाद लाश जलाने को लेकर मचे बवाल के बीच बिहार के बक्सर में भी ऐसी ही एक मामला सामने आया है। मंगलवार को पुलिस ने एक युवती का अधजला शव बरामद किया है। आशंका है कि गैंग रेप के बाद गोली मारकर उसकी हत्या की गई।

बक्सर(बिहार). हैदराबाद में एक डॉक्टर के साथ गैंग रेप और मर्डर के बाद लाश जलाने का मामला देशभर में जबर्दस्त आक्रोश का कारण बना हुआ है। इसी बीच बिहार के बक्सर में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। मंगलवार को जिले के इटाढ़ी थाने के तहत कुकुढ़ा गांव में एक युवती का अधजला शव बरामद किया है। आशंका है कि युवती के साथ गैंग रेप किया गया। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। युवती की सिर में गोली मारकर हत्या की गई थी। बाद में पहचान छुपाने उसके शव को पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। चूंकि जिस घास को डालकर शव जलाया गया, वो ओस के कारण गीला था, इसलिए शव पूरी तरह नहीं जल पाया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred


सदर एसडीपीओ सतीश कुमार ने कहा कि शव काफी जला हुआ है। इसलिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना के बारे में कुछ कहा जा सकता है। पुलिस का कहना है कि शव की अभी पहचान की जा रही है। इस बीच एक शख्स ने मृतका को अपनी बेटी बताया है। दरअसल, सोमवार को एक किशोरी के गायब होने की पुलिस में सूचना दी गई थी। परिजनों ने कहा था कि उनकी बेटी घर के बाहर खड़ी थी। वो किसी अजनबी से बातचीत कर रही थी। घरवालों ने तब गौर नहीं किया। कुछ देर बाद देखा, तो बेटी गायब थी। परिजनों ने पुलिस को बताया था कि उनके पास एक अनजान कॉल आया था। इसमें सामने वाले ने कहा कि अब उनकी बेटी नहीं लौटेगी।