Bank Cheque Mistake: चेक भरते समय ज्यादातर लोग 'Lakh' और 'Lac' को लेकर कन्फ्यूज हो जाते हैं। हालांकि, लोग दोनों ही शब्दों का इस्तेमाल करते है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसे लेकर RBI का नियम क्या कहता है? इन दोनों में से कौन सा वर्ड सही और कौन सा गलत है? इस आर्टिकल में जानिए…
Is Lac Correct on Cheque RBI Rules: बैंक चेक भरते समय क्या आपने कभी सोचा है कि ₹1 लाख लिखते समय 'Lakh' सही है या 'Lac'? यही छोटी सी स्पेलिंग की उलझन कई बार लोगों को कन्फ्यूजन में डाल देती है। दिलचस्प बात ये है कि दोनों शब्द सुनने में भले ही एक जैसे लगते हों, लेकिन इनमें से एक RBI के नियम से सही और दूसरा गलत है। जिसकी वजह से चेक भरते समय की गई एक छोटी सी चूक या स्पेलिंग की आदत आपका पूरा ट्रांजैक्शन अटका सकती है? आइए जानते हैं दोनों में से कौन सा वर्ड सही है और चेक पर क्या लिखना चाहिए...

चेक पर Lakh या Lac, क्या लिखते हैं आप?
जब आप किसी को 1 लाख या उससे ज्यादा का चेक देते हैं, तो अमाउंट लिखते समय आप क्या लिखते हैं? Lakh या Lac? बहुत से लोग इन दोनों ही शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसा उनकी आदत की वजह से हो सकता है। ज्यादातर लोग बार-बार Lac लिखते हैं, जिसकी वजह से चेक पर भी इसी शब्द का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) का इसको लेकर अलग नियम है।

क्या 'Lac' लिखने से चेक रिजेक्ट हो जाएगा?
अब आपके मन का सबसे बड़ा डर दूर कर देते हैं। अगर आपने अपने चेक पर ₹1 लाख को शब्दों में लिखने के लिए 'One Lac Rupees Only' लिखा है, तो बिल्कुल फिक्र न करें। आपका पैसा कहीं नहीं फंसेगा और न ही बैंक आपका चेक कैंसिल या रिजेक्ट करेगा। भारतीय बैंकिंग सिस्टम में ये दोनों ही शब्द बहुत लंबे समय से इस्तेमाल होते आ रहे हैं। बैंकों को अच्छी तरह पता होता है कि अकाउंट होल्डर का मतलब 1 लाख रुपए से ही है। इसलिए, 'Lac' लिखने की वजह से आपका चेक कभी भी डिसऑनर (Dishonor) नहीं होगा।
Lakh (लाख) का क्या मतलब है, यह कहां यूज होता है?
यह हमारे भारतीय काउंटिंग सिस्टम का हिस्सा है। हिंदी और भारतीय संस्कृति में 1,00,000 के लिए हमेशा 'लाख' यानी Lakh का ही इस्तेमाल किया जाता है। ऑफिशियल कामकाज के लिए इसे सबसे परफेक्ट माना जाता है।
Lac (लैक) का मतलब और यह कहां इस्तेमाल होता है?
अगर इंग्लिश डिक्शनरी की बात करें, तो 'Lac' का मतलब एक तरह की राल या कीड़ों से बनने वाली चीज होती है, जिसका इस्तेमाल सीलिंग वैक्स या पॉलिश जैसे लाह की चूड़ियों में होता है। लेकिन भारत में बैंकिंग के दौरान शॉर्टकट के चक्कर में इसका मतलब सिर्फ पैसे से ही निकाला जाता है।
RBI का ऑफिशियल नियम क्या कहता है?
अब बात करते हैं कि नियम कायदे क्या कहते हैं? RBI ने आम जनता की सहूलियत को देखते हुए कोई ऐसा कड़ा नियम नहीं बनाया है जो 'Lac' लिखने पर पाबंदी लगाता हो। दोनों शब्द बैंक एक्सेप्ट करते हैं। लेकिन ध्यान रखें कि अगर आप आरबीआई के मास्टर सर्कुलर, आधिकारिक वेबसाइट या करेंसी से जुड़े सरकारी दस्तावेजों को देखेंगे, तो वहां हर जगह 'Lakh' शब्द का ही इस्तेमाल किया जाता है। यानी सरकारी और ऑफिशियल स्टैंडर्ड के हिसाब से 'Lakh' लिखना ही सबसे सही है।

बैंक चेक भरते समय आपको क्या करना चाहिए?
भले ही 'Lac' लिखने से आपका काम नहीं रुकेगा, लेकिन फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स हमेशा सलाह देते हैं कि हमें बैंकिंग में यूनिफॉर्मिटी यानी एकरूपता रखनी चाहिए। जब आप 'Lakh' लिखते हैं, तो फाइनेंशियल डॉक्यूमेंट्स में किसी भी तरह की गलतफहमी या स्पेलिंग के विवाद की गुंजाइश पूरी तरह खत्म हो जाती है। इसलिए अच्छी आदत यही है कि आपको हमेशा 'Lakh' ही लिखना चाहिए।

चेक भरते समय इन 3 बातों का भी रखें खास ख्याल
- शब्दों में अमाउंट लिखने के बाद आखिरी में 'Only' जैसे- One Lakh Rupees Only जरूर लिखें, ताकि कोई आगे कुछ और न जोड़ सके।
- बॉक्स में नंबर लिखते समय अमाउंट के बाद स्लैश (/-) का साइन लगाना कभी न भूलें।
- चेक पर किसी भी तरह की ओवरराइटिंग या कटिंग होने पर बैंक उसे तुरंत रिजेक्ट कर देते हैं, भले ही आपकी स्पेलिंग कुछ भी हो। इसलिए काटा-पीटी से जरूर बचें।


