दिल्ली में एक व्यक्ति को ब्लिंकिट ऑर्डर में एक CV मिला। यह "सुशीला" नाम की घरेलू सहायिका का बायोडाटा लग रहा था, पर असल में यह अर्बन कंपनी की InstaHelp सर्विस का एक अनोखा मार्केटिंग कैंपेन था।
Innovative advertising campaign: आमतौर पर लोग ब्लिंकिट से किराने का सामान, स्नैक्स या घर की ज़रूरत की चीज़ें मंगवाते हैं। लेकिन दिल्ली के एक शख्स के लिए ऑर्डर के साथ कुछ ऐसा आया, जिसकी उसने कल्पना भी नहीं की थी। पैकेट में उसे एक CV यानी बायोडाटा मिला। दिल्ली में क्रिएटिव डायरेक्टर अंकित बावा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने ग्रोसरी ऑर्डर के साथ आए इस अजीब लिफाफे के बारे में बताया। जब उन्होंने ऑर्डर खोला, तो उन्हें एक लिफाफा दिखा जिस पर हाथ से कुछ लिखा हुआ था। इस पर लिखा था, “ये कोई गलती नहीं है, जानबूझकर भेजा है। अच्छे कर्मों के लिए इसे ज़रूर पढ़ें – सुशीला।”

अंकित को पहले तो लगा कि शायद किसी को नौकरी की ज़रूरत है और ये उसी का बायोडाटा है। उन्होंने उत्सुकता में लिफाफा खोला तो अंदर एक प्रोफेशनल CV जैसा कुछ था। लेकिन ये कोई आम बायोडाटा नहीं था।
इस डॉक्यूमेंट में "सुशीला" का परिचय दिया गया था और एक जॉब रिज्यूमे के अंदाज़ में उसकी खूबियां बताई गई थीं। इसमें उन सभी बातों पर ज़ोर दिया गया था जो लोग घर में काम करने वालों में ढूंढते हैं। पहली नज़र में ये किसी असली नौकरी के आवेदन जैसा ही लग रहा था, जिसमें उसके अनुभव, भरोसेमंद होने और घर संभालने की स्किल्स को बड़े ही प्रोफेशनल तरीके से बताया गया था।
लेकिन जैसे-जैसे वीडियो आगे बढ़ता है, इस रिज्यूमे के पीछे का असली मकसद साफ हो जाता है। दरअसल, यह अर्बन कंपनी की InstaHelp सर्विस का एक अनोखा मार्केटिंग कैंपेन था। इस सर्विस के ज़रिए ग्राहक घर के कामों के लिए हेल्पर्स को हायर कर सकते हैं।
देखें वायरल वीडियो
इस कैंपेन में पारंपरिक विज्ञापनों के बजाय लोगों की जिज्ञासा का फायदा उठाया गया। ब्लिंकिट के ऑर्डर में एक पर्सनल CV जैसा कुछ डालकर कंपनी ने लोगों को लिफाफा खोलने और मैसेज पढ़ने के लिए मजबूर कर दिया।
सोशल मीडिया पर मार्केटिंग का यह अनोखा तरीका लोगों को खूब पसंद आ रहा है और कई लोग इसकी तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने माना कि अंकित की तरह वे भी इसे किसी की नौकरी का आवेदन ही समझते, जब तक कि उन्हें पता नहीं चलता कि यह एक विज्ञापन है।
