Earn Money from Old Clothes-Shoes: क्या आपकी अलमारी भी पुराने कपड़ों और जूतों से भरी पड़ी है? इन्हें फेंकने या किसी को मुफ्त देने के बजाय अब आप इनसे मोटा मुनाफा कमा सकते हैं। महज 20,000 रुपए की मामूली शुरुआत से आप खुद का बिजनेस शुरू कर सकते हैं। जानिए कितना होगा प्रॉफिट और स्टेप-बाय-स्टेप गाइड...

Thrift Store Business Idea: क्या आपकी अलमारी कपड़ों से ठसाठस भरी है? क्या आपके पास ऐसी महंगी साड़ियां या ब्रांडेड जूते हैं, जो सिर्फ एक बार पहने गए और अब धूल खा रहे हैं? अगर हां, तो आप शानदार कमाई कर सकते हैं। आजकल पुरानी चीजों को दोबारा बेचने यानी थ्रिफ्टिंग (Thrifting) का बिजनेस भारत में आग की तरह फैल रहा है। सबसे अच्छी बात कि इसे शुरू करने के लिए आपको ऑफिस या दुकान नहीं चाहिए, सिर्फ आपका मोबाइल और थोड़ा सा दिमाग काफी है। आइए जानते हैं कैसे आप घर बैठे 50,000 रुपए महीना तक कमा सकते हैं...

थ्रिफ्ट स्टोर क्या होता है?

आसान भाषा में कहें तो 'थ्रिफ्ट स्टोर' एक ऐसी ऑनलाइन या ऑफलाइन दुकान है, जहां आप इस्तेमाल किए हुए, लेकिन अच्छी कंडीशन वाले कपड़े और जूते बेचते हैं। आजकल लोग पर्यावरण को लेकर जागरूक हैं और फिजूलखर्ची से बचना चाहते हैं, इसलिए वे 10,000 रुपए की नई ड्रेस के बजाय 1,500 रुपए में बिलकुल नई जैसी (Like New) पुरानी ड्रेस खरीदना पसंद कर रहे हैं।

शुरुआत कैसे करें?

  • इस बिजनेस के लिए आपको लाखों लगाने की जरूरत नहीं है। 20,000 रुपए की शुरुआती रकम से आप इसे प्रोफेशनल लुक दे सकते हैं।
  • सबसे पहले अपनी और अपनी सहेलियों (Friends) या रिश्तेदारों की अलमारी से वो साड़ियां, लहंगे या जूते निकालें जो अच्छी हालत में हैं।
  • 5,000 रुपए ड्राई क्लीनिंग और जूतों की पॉलिश पर खर्च करें। चीज जितनी नई दिखेगी, दाम उतना ही अच्छा मिलेगा।
  • घर के एक कोने में अच्छी लाइट लगाएं और सफेद पर्दा (Backdrop) डालें ताकि फोटो प्रोफेशनल आएं।

कितनी होगी कमाई?

  1. बिजनेस में असली खेल मार्जिन का है। थ्रिफ्ट स्टोर में आप 100% से 200% तक मुनाफा कमा सकते हैं। साड़ी का ही उदाहरण लें, तो मान लीजिए आपने किसी से 800 रुपए में एक पुरानी बनारसी साड़ी ली। 200 रुपए ड्राई क्लीनिंग में लगाए यानी कुल लागत 1,000 रुपए आए। इसे आप आसानी से 2,500 से 3,000 रुपए में बेच सकते हैं।
  2. जूतों की बात करें, तो एडिडास या नाइकी जैसे ब्रांडेड जूते अगर अच्छी हालत में हैं, तो वे हाथों-हाथ बिकते हैं। अगर आप दिन की सिर्फ 2 सेल भी करते हैं और हर सेल पर 700-800 रुपए बचाते हैं, तो महीने के 40,000 से 50,000 रुपए कहीं नहीं गए हैं।

कस्टमर्स कहां से आएंगे?

  • आपको न्यूज पेपर या टीवी में विज्ञापन (Advertisement) देने की जरूरत नहीं है। आपका पूरा बिजनेस इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप पर चलेगा। साड़ियों के ड्रेपिंग स्टाइल या जूतों की 'बिफोर-आफ्टर' रील डालें।
  • जो सामान बेच रहे हैं, उसकी कमियां (अगर कोई छोटा दाग है) साफ बताएं। इससे कस्टमर का आप पर भरोसा बढ़ता है।
  • गूगल पे (GPay) या फोन पे (PhonePe) से पैसे लें और 'Shiprocket' जैसे ऐप्स से सस्ते में डिलीवरी कराएं।

कस्टमर्स को अट्रैक्ट करने के लिए क्या करें?

  • थ्रिफ्ट स्टोर का मतलब कबाड़ बेचना नहीं है। आपकी USP होनी चाहिए,'क्वालिटी'।
  • पैकिंग को थोड़ा सुंदर बनाएं।
  • अंदर एक छोटा सा 'थैंक यू' नोट जरूर लिखें।
  • जब कस्टमर को लगेगा कि उसे 2,000 रुपए में 10,000 रुपए वाली फीलिंग मिल रही है, तो वो खुद 10 और लोगों को बताएगा और आपका बिजनेस तेजी से ग्रो कर सकता है।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ शैक्षणिक और सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी बिजनेस को शुरू करने से पहले बाजार की स्थिति और जोखिमों का आकलन खुद जरूर करें। यहां बताए गए मुनाफे के आंकड़े एक अनुमान हैं, जो आपकी मेहनत, सामान की क्वालिटी और मार्केटिंग स्किल्स के आधार पर कम या ज्यादा हो सकते हैं। किसी भी निवेश या स्टार्टअप से पहले वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।