कोरोना वायरस संकेट के मद्देनजर देश में आवागमन रोक के इस समय में बैंकिंग सेवाओं को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंक प्रमुखों से बातचीत की और बैंक सेवाओं में आने वाली दिक्कतों को दूर करने को कहा

नई दिल्ली: कोरोना वायरस संकेट के मद्देनजर देश में आवागमन रोक के इस समय में बैंकिंग सेवाओं को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंक प्रमुखों से बातचीत की और बैंक सेवाओं में आने वाली दिक्कतों को दूर करने को कहा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी को ध्यान में रखते हुये बचाव और सुरक्षा के उचित उपाय करते हुये बाधारहित बैंकिंग सेवायें दी जानी चाहिये। देश के कई हिस्सों में बैंक शाखायें बंद होने और बैंक सेवायें उपलब्ध नहीं होने की शिकायतें सामने आने के बाद वित्त मंत्री ने यह पहल की है।

निदेशकों से की बातचीत 

वित्त मंत्री के कार्यालय द्वारा जारी ट्वीट के मुताबिक सीतारमण ने शनिवार को सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंकों के प्रमुखों के साथ एक एक कर संपर्क किया। उन्होंने स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन बैंक, केनारा बैंक, यूनियन बैंक, इलाहाबाद बैंक, बैंक आफ इंडिया, बैंक आफ बड़ौदा, महाराष्ट्र बैंक, आंध्र बैंक, सैंटूल बैंक और कार्पोरेशन बैंक सहित तमाम बैंकों के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशकों से बातचीत कर बैंकिंग सेवाओं की जानकारी ली।

Scroll to load tweet…

वित्त मंत्री ने निजी क्षेत्र के बैंकों के प्रतिनिधियों से भी संपर्क साधा और उनसे देशभर में सामाजिक दूरी के नियम का पालन करते हुये हुये बैंकिंग सेवाओं को बिना किसी रुकावट के जारी रखने का आग्रह किया। सीतारमण ने बैंकिंग क्षेत्र में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुये उनसे बाधारहित बैंकिंग सेवायें जारी रखने के प्रयास तेज करने को कहा है।

बीमा संबंधी चिंताओं और सवालों को पूछ सकेंगे

इस बीच वित्त मंत्री के निर्देश के बाद मंत्राालय के वित्तीय सेवा विभाग ने एक नया ट्विटर हैंडल ‘@डीएफएसफाइट कोरोना’ भी शुरू किया है। बैंक ग्राहकों को अपनी शिकायतें सीधे मंत्रालय तक पहुंचाने के लिये यह एक जरिया होगा। ग्राहक अपनी बैंक और बीमा संबंधी चिंताओं और सवालों को इस पर पूछ सकेंगे।

वित्त मंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से भी राज्य में बैंकिंग सेवाओं को लेकर बातचीत की। ट्वीट के मुताबिक मुख्यमंत्री ने राजय में कोरोना वायरस को नियंत्रत करने में आ रही दिक्कतों के बारे में बताया और आश्वासन दिया कि वह बैंकों की सुविधा के लिये कदम उठायेंगे।

Scroll to load tweet…

बैंकिंग सेवाओं को जारी रखना साहस का काम 

सीतारमण ने शनिवार को कई ट्वीट कर कहा, ‘‘बैंक मित्र ‘बैंकिंग कॉरसपॉन्डेंट’ देशभर में जो काम कर रहे हैं मैं उनकी सराहना करती हूं। मैं राज्यों से आग्रह करूंगी कि उनको आने-जाने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हो।’ उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस फैलने के मद्देनजर सरकार ने हाल में गरीबों, बुजुर्गों और दिव्यांगों की मदद के लिए सीधे नकदी उनके खाते में डालने जैसे कई कदम उठाए हैं।

Scroll to load tweet…

सीतारमण ने कहा, ‘‘पूरे बैंकिंग समुदाय की प्रशंसा होनी चाहिए। वे इस मुश्किल समय में बैंकिंग सेवाओं को जारी रखकर काफी साहस दिखा रहे हैं। वे ग्राहकों को समय पर और सुरक्षित सेवाएं मुहैया करा रहे हैं।’’ 

जरूरत होने पर ही बैंक शाखाओं में जाएं

इसी बीच, भारतीय बैंक संघ (आईबीए) के अनुसार शुक्रवार को देशभर में 1,05,988 बैंक शाखाएं खुली थीं। हालांकि, शनिवार और रविवार को बैंकों में अवकाश रहेगा। आईबीए ने ग्राहकों से अपील की है कि वे सामाजिक दूरी का कड़ाई से पालन करें और जरूरत होने पर ही बैंक शाखाओं में जाएं।

आईबीए ने ग्राहकों से कहा है कि वे बैंक शाखाओं में काउंटरों को छूने से बचें और कर्मचारियों के साथ एक निश्चित दूरी बनाकर ही बातचीत करें। साथ ही ग्राहकों से कहा गया है कि वे लाइन में एक-दूसरे के बीच एक से डेढ़ मीटर की दूरी पर खड़े हों और एक समय में बैंक शाखा में 5-6 से अधिक लोग प्रवेश नहीं करें।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)