Gautam Adani Net Worth 2026: फोर्ब्स की 2026 की लिस्ट में गौतम अडानी ने एक बार फिर मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया है और भारत के सबसे अमीर इंसान बन गए हैं। रिलायंस के शेयरों में गिरावट के चलते अंबानी दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं, जबकि सावित्री जिंदल तीसरे पायदान पर हैं। इस बार लिस्ट में चार नए चेहरों ने भी एंट्री मारी है।

Gautam Adani Net Worth: फोर्ब्स की 2026 की 'भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की लिस्ट' आ गई है। तीन साल बाद गौतम अडानी ने फिर से नंबर वन का ताज पहन लिया है। अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी और उनके परिवार की कुल संपत्ति करीब ₹10.85 लाख करोड़ ($11,270 करोड़) आंकी गई है। पिछले साल के मुकाबले उनकी दौलत में ₹1.99 लाख करोड़ ($2,070 करोड़) का इजाफा हुआ है। डॉलर के हिसाब से देखें तो इस साल सबसे ज्यादा कमाई अडानी ने ही की है। हालांकि, उनकी मौजूदा संपत्ति अभी भी 2022 के उनके सबसे ऊंचे स्तर ₹14.43 लाख करोड़ ($15,000 करोड़) से कम है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी अब खिसककर दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उनकी संपत्ति घटकर $86.3 बिलियन (करीब ₹8.3 लाख करोड़) रह गई है। इस साल अंबानी की दौलत में $18.7 बिलियन (करीब ₹1.56 लाख करोड़) की भारी गिरावट आई है। दरअसल, रिलायंस के रिटेल बिजनेस के मुनाफे में इस साल कमी देखी गई। इसके अलावा, ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर उनके ऑयल-टू-केमिकल (O2C) बिजनेस पर भी पड़ा। निवेशकों ने कंपनी पर बढ़ते कर्ज को लेकर भी चिंता जताई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में रिलायंस पर कुल ₹374,421 करोड़ का कर्ज था। इन सब वजहों से रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयरों में गिरावट आई और अंबानी की संपत्ति कम हो गई।

100 सबसे अमीर लोगों की कुल संपत्ति

फोर्ब्स के मुताबिक, अलग-अलग बिजनेस में मुनाफे के दबाव ने रिलायंस के शेयरों पर असर डाला है। अगर भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की कुल संपत्ति की बात करें, तो यह पिछले साल की तरह ही लगभग $1 ट्रिलियन (करीब ₹96.23 लाख करोड़) बनी हुई है। यह तब है जब रुपये की कीमत में 8.5% और शेयर बाजार में 9.5% की गिरावट आई है। इस कुल संपत्ति में अडानी की हिस्सेदारी करीब 11.3% और अंबानी की 8.6% है।

डॉलर के हिसाब से गौतम अडानी ने इस साल सबसे ज्यादा कमाई की है, लेकिन यह अभी भी 2022 के $150 बिलियन के रिकॉर्ड से कम है। अडानी ग्रुप अपने बिजनेस को तेजी से बढ़ा रहा है और AI इंफ्रास्ट्रक्चर में $100 बिलियन का बड़ा निवेश कर रहा है। वहीं, प्रतिशत के हिसाब से इस साल सबसे ज्यादा फायदा लक्ष्मी मित्तल को हुआ है। उनकी संपत्ति 74% बढ़ी है, जिससे वह आठवें से सीधे चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं।

Scroll to load tweet…

तीसरे नंबर पर कौन है?

फोर्ब्स इंडिया रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक, ओपी जिंदल ग्रुप की चेयरपर्सन सावित्री जिंदल भारत की तीसरी सबसे अमीर इंसान हैं। उनकी कुल संपत्ति $39.8 बिलियन (करीब ₹3.33 लाख करोड़) है। लक्ष्मी मित्तल चौथे नंबर पर हैं। वहीं, देश की दिग्गज टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल के फाउंडर और चेयरमैन सुनील मित्तल पांचवें पायदान पर हैं। उनकी संपत्ति $32.9 बिलियन (करीब ₹2.76 लाख करोड़) है।

लिस्ट में चार नए नाम

इस साल 100 अमीरों की लिस्ट में चार नए चेहरों ने भी जगह बनाई है। इनमें इंडो-एमआईएम (Indo-MIM) के कृष्णा चिवुकुला, अपार इंडस्ट्रीज (Apar Industries) के कुशल और चैतन्य देसाई, आदित्य इन्फोटेक (Aditya Infotech) के आदित्य खेमका और बालाजी वेफर्स (Balaji Wafers) के विरानी ब्रदर्स शामिल हैं। कुशल और चैतन्य की संपत्ति ₹40,898 करोड़ है, जबकि आदित्य खेमका के परिवार की कुल दौलत ₹34,643 करोड़ है।

टॉप 100 में कर्नाटक के ये दिग्गज भी शामिल

कर्नाटक से ताल्लुक रखने वाले कई बड़े कारोबारियों ने भी इस लिस्ट में अपनी जगह पक्की की है:

  • अजीम प्रेमजी - $7.87 बिलियन (32वां स्थान)
  • नितिन कामत - $7.86 बिलियन (33वां स्थान)
  • नारायण मूर्ति - $3.95 बिलियन (78वां स्थान)
  • किरण मजूमदार शॉ - $3.28 बिलियन (94वां स्थान)