Risks of Buying Gold: सोने के दाम इन दिनों आसमान छू रहे हैं। ऐसे में बिना बिल के कैश देकर सोना खरीदने पर भारी छूट मिल रही है। टैक्स बचाने के लिए व्यापारी यह डिस्काउंट दे रहे हैं। लेकिन बिना पक्के बिल के सोना खरीदना आपको भारी पड़ सकता है। जानिए इसके क्या नुकसान हैं।

Gold Price in India: सोने की कीमतों में हाल ही में थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन यह अभी भी आम आदमी की पहुंच से बाहर है। फिलहाल 10 ग्राम सोने का भाव करीब ₹1,48,600 है। यह कीमत आम लोगों के लिए बहुत ज्यादा है। भारत में सोने की डिमांड हमेशा रहती है, इसलिए महंगे होने के बावजूद लोग इसे खरीदते हैं। ऐसे में अगर सोने पर कोई डिस्काउंट मिल जाए, तो ग्राहकों को बड़ी राहत मिलती है। आइए जानते हैं कि यह छूट कहां और कैसे मिल रही है।

10 ग्राम सोने पर ₹5,000 का डिस्काउंट कहां मिलेगा?

सोने की बढ़ती कीमतों के साथ-साथ इस पर लगने वाला टैक्स भी काफी ज्यादा है। पिछले साल सोने के दाम में करीब 28% का उछाल आया था। इसी वजह से कई लोग बिना पक्के बिल के कैश देकर सोना खरीद रहे हैं। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जो लोग बड़ी मात्रा में सोना खरीदते हैं और बिना बिल के कैश पेमेंट करते हैं, उन्हें बाजार भाव पर 6% तक की छूट मिल सकती है। वहीं, रिटेल खरीदारी में मोलभाव करने पर 10 ग्राम सोने पर ₹10,000 तक की बचत भी हो सकती है।

सोने पर ₹5,000 की छूट क्यों मिल रही है?

भारत में आयात होने वाले सोने पर 15% कस्टम ड्यूटी लगती है। इसके अलावा, रिटेल बिक्री पर 3% जीएसटी भी देना पड़ता है। यानी कुल मिलाकर टैक्स का बोझ काफी ज्यादा हो जाता है। जब बिना बिल या रसीद के कैश में लेन-देन होता है, तो यह सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज नहीं होता। इससे व्यापारी टैक्स और कागजी कार्रवाई के खर्च से बच जाते हैं। इसी बचत का एक हिस्सा वे ग्राहकों को डिस्काउंट के रूप में दे देते हैं।

बिना बिल के सोना खरीदने के क्या नुकसान हैं?

डिस्काउंट के लालच में बिना बिल के सोना खरीदना आपके लिए खतरे की घंटी हो सकता है। बिल न होने पर सोने की शुद्धता साबित करना मुश्किल होता है। सोने की क्वालिटी या कैरेट को लेकर भी धोखा हो सकता है। इसका मतलब है कि जब आप भविष्य में उसी सोने को बेचने या बदलने जाएंगे, तो आपको परेशानी का सामना करना पड़ेगा। बिना सही कागजात वाले सोने की सही कीमत नहीं मिलती।

इसके अलावा, आप पर चोरी का सोना खरीदने का शक भी हो सकता है, क्योंकि आपके पास खरीदारी का कोई पक्का बिल नहीं होता। इतना ही नहीं, बिना रसीद के बड़े कैश ट्रांजैक्शन करने पर भविष्य में इनकम टैक्स या दूसरी सरकारी एजेंसियों की जांच का सामना भी करना पड़ सकता है। इसलिए, सिर्फ डिस्काउंट के चक्कर में बिना बिल के सोना खरीदने से बचें। हमेशा सोने की शुद्धता, हॉलमार्क और पक्का बिल देखकर ही खरीदारी करें।