- Home
- Business
- एक से ज्यादा लोन और EMI के जाल में फंस गए हैं? अपनाएं ये 3 तरीके, खत्म होगा कर्ज का सिरदर्द!
एक से ज्यादा लोन और EMI के जाल में फंस गए हैं? अपनाएं ये 3 तरीके, खत्म होगा कर्ज का सिरदर्द!
Multiple Loans Management Tips: आजकल शॉपिंग के लिए Buy Now Pay Later, छोटी EMIs और होम या पर्सनल काम के लिए बड़ा लोन लेना आम हो गया है। लेकिन मुसीबत तब शुरू होती है जब कर्ज के इसी चक्रव्यूह में फंस जाते हैं। इससे बचने एक्सपर्ट्स ने 3 तरीके बताए हैं।

सभी लोन को एक में मिला देना कितना सही है?
ज्यादातर लोग सोचते हैं कि 'सबको मिलाकर एक बड़ा लोन (Consolidation) ले लेता हूं, एक ही किस्त जाएगी और झंझट खत्म।' लेकिन एक्सपर्ट्स कहते हैं कि यह हमेशा फायदे का सौदा नहीं होता है। कई बार एक किस्त के चक्कर में आप लंबे समय तक ब्याज भरते रहते हैं, जो आपकी जेब पर भारी पड़ता है।
एक से ज्यादा लोन कब मर्ज करें
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि लोन मर्ज (Consolidation) तभी करें जब आपको पुराने लोन के मुकाबले कम ब्याज दर मिल रही हो। अगर आप सिर्फ सिंपल लाइफ के लिए लोन मर्ज करते हैं और नया लोन लंबे समय के लिए ले लेते हैं, तो अंत में आप बैंक को ज्यादा पैसा दे बैठेंगे। साथ ही, याद रखें कि एक बड़े लोन की एक भी किस्त बाउंस हुई, तो आपका CIBIL स्कोर बुरी तरह गिर सकता है। छोटे कर्जों में रिस्क थोड़ा कम रहता है।
कर्ज से छुटकारा पाने का पहला तरीका
एक से ज्यादा लोन से छुटकारा पाने का सबसे पहला तरीका तारीखों का झंझट खत्म करना है। अगर आपकी दिक्कत सिर्फ यह है कि आपको ईएमआई की तारीखें याद नहीं रहतीं, जैसे महीने की 5 तारीख को एक किस्त कटती है, 10 को दूसरी और 20 को तीसरी किस्त कटती है, तो आपको नया लोन लेने की जरूरत नहीं है। अपने बैंक से बात करके या ऑनलाइन सेटिंग में जाकर सभी ईएमआई की तारीखें महीने के पहले हफ्ते (सैलरी आने के तुरंत बाद) में सेट कर दें। बैंक में ऑटो-डेबिट चालू रखें ताकि किस्त अपने आप कट जाए और आपको पेनाल्टी न भरनी पड़े।
कर्ज से छुटकारा पाने का दूसरा तरीका
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि अगर एक से ज्यादा लोन चल रहे हैं, तो छोटे कर्जों को पहले खत्म करें। इस तरीके को 'स्नोबॉल' भी कहा जाता है। यह तरीका उन लोगों के लिए है जिन्हें बहुत सारी किस्तें देखकर तनाव होता है। सबसे पहले अपने सबसे छोटे कर्ज (जैसे फोन की किस्त या ₹2000-5000 का ड्यू) को चुकाकर खत्म करें। एक छोटा कर्ज खत्म होने पर जो मानसिक शांति मिलती है, वो आपको बड़ा लोन चुकाने के लिए मोटिवेट करेगी। इसे ही 'Snowball Effect' कहते हैं।
कर्ज से छुटकारा पाने का तीसरा तरीका
अगर आप पैसा बचाना चाहते हैं, तो यह बेस्ट तरीका है। उन कर्जों की लिस्ट बनाएं जिनका ब्याज सबसे ज्यादा है, जैसे क्रेडिट कार्ड का बिल या कुछ खास शॉपिंग लोन। सबसे पहले सबसे ज्यादा ब्याज वाले कर्ज को एक्स्ट्रा पैसे देकर बंद करें। इससे आपका कुल खर्च कम हो जाएगा और आप जल्द कर्ज फ्री होंगे। इसे'एवेलांच' तरीका भी कहते हैं।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ शैक्षणिक और जागरूकता के उद्देश्यों (Educational Purposes) के लिए है। यह किसी भी प्रकार की प्रोफेशनल फाइनेंशियल एडवाइस या निवेश की सलाह नहीं है। कर्ज का प्रबंधन और भुगतान आपकी वित्तीय स्थिति और लोन की शर्तों पर निर्भर करता है। किसी भी वित्तीय कदम को उठाने, लोन मर्ज करने या नई ईएमआई शुरू करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (Certified Financial Planner) से सलाह जरूर लें।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।

