सैन फ्रांसिस्को में रहने वाली भारतीय मूल की शिवी चौहान और उनके पति ने बताया है कि वे अपनी 2.1 करोड़ रुपये की सालाना कमाई को कैसे मैनेज करते हैं। खर्चों और घर के कामों को बराबर बांटकर फाइनेंशियल स्टेबिलिटी बनाए रखने का उनका तरीका वायरल हो गया है।
नई दिल्ली: दुनिया के सबसे महंगे शहरों में से एक सैन फ्रांसिस्को में रहते हुए अपनी फाइनेंसियल लाइफ को कैसे पटरी पर रखा जाए, यह भारतीय मूल की शिवी चौहान से सीखा जा सकता है। शिवी ने एक इंस्टाग्राम वीडियो में बताया है कि वह और उनके पति घर के खर्चों और कामों को कैसे आपस में बांटते हैं। उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
2.1 करोड़ रुपये की सालाना कमाई
शिवी और उनके पति, दोनों मिलकर साल में 2,50,000 डॉलर (लगभग 2.1 करोड़ रुपये) से ज्यादा कमाते हैं। शिवी बताती हैं कि वे इस इनकम को बहुत असरदार तरीके से मैनेज करते हैं। उनके पति सैन फ्रांसिस्को वाले घर का लोन और प्रॉपर्टी टैक्स भरते हैं। शिवी याद दिलाती हैं कि यहां घर का किराया और टैक्स बहुत ज्यादा है, जो किसी भी भारतीय शहर जैसे मुंबई या दिल्ली से कई गुना अधिक हो सकता है।
वहीं, शिवी बच्चों की डे-केयर की फीस और क्रेडिट कार्ड के बिल चुकाती हैं। घर का राशन, गैस, ट्रैवल, बिजली बिल और पब्लिक ट्रांसपोर्ट जैसे बाकी सभी रोजमर्रा के खर्चे वे क्रेडिट कार्ड से करते हैं। शिवी का कहना है कि इस तरह बंटवारा करने से दोनों पर लगभग बराबर-बराबर यानी 50-50 का वित्तीय बोझ पड़ता है।
घर के कामों में भी बराबर की हिस्सेदारी
सिर्फ पैसों के मामले में ही नहीं, यह कपल घर के कामों में भी बराबर का भागीदार है। खाना बनाना, घर की सफाई और कपड़े धोना, दोनों मिलकर करते हैं। बच्चों को स्कूल छोड़ने और उनकी पढ़ाई में मदद करने की जिम्मेदारी भी दोनों ने बांट रखी है। शिवी ने अपने वीडियो में बताया कि वे बाहर से किसी को काम पर नहीं रखते और खुद काम करके एक बड़ी रकम बचा लेते हैं।
शिवी कहती हैं, "हम सिर्फ खर्चों में ही नहीं, बल्कि हर चीज में 50-50 हैं। इन्वेस्टमेंट के लिए हमारे अलग-अलग अकाउंट हैं। कोई भी महंगी चीज खरीदने से पहले हम एक-दूसरे से बात जरूर करते हैं।" शिवी की इस पारदर्शिता की सोशल मीडिया पर लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि उनकी यह आदत एक मिसाल है। लोगों का मानना है कि बढ़ती महंगाई के इस दौर में कपल्स के बीच ऐसी समझदारी पारिवारिक रिश्तों को और मजबूत बनाती है।
