भारत में सुपर-प्रीमियम क्रेडिट कार्ड अमीरों के लिए लग्जरी लाइफस्टाइल का पास हैं। इनकी सालाना फीस लाखों में होती है और ये अक्सर 'इनवाइट-ओनली' होते हैं। ये फ्री फ्लाइट, होटल मेंबरशिप और VIP इवेंट्स जैसे एक्सक्लूसिव फायदे देते हैं।
ग्रैमी अवॉर्ड्स के प्री-सेल टिकट, प्राइवेट चार्टर प्लेन में डिस्काउंट, एयरपोर्ट पर सीधे प्लेन तक छोड़ने वाली गाड़ी (टरमैक ट्रांसफर) और फ्री में लग्जरी समुद्री जहाज की सैर... सोचिए, ये सब किसी क्रेडिट कार्ड के फायदे हों तो? जी हां, ये सच है। भारत में अमीर लोग ऐसे ही क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल कर रहे हैं। आज क्रेडिट कार्ड सिर्फ पैसे के लेन-देन का जरिया नहीं, बल्कि सुपर-रिच लोगों के लिए लग्जरी लाइफस्टाइल का एक 'एक्सेस पास' बन गए हैं।

ये कार्ड बड़े-बड़े बिजनेसमैन और अमीर लोगों को ध्यान में रखकर बनाए जाते हैं। इनकी सालाना फीस लाखों में होती है और कई तो 'इनवाइट-ओनली' होते हैं, यानी बैंक खुद चुनकर खास ग्राहकों को ही ये कार्ड ऑफर करता है। इन कार्ड्स में मुकाबला कैशबैक या रिवॉर्ड पॉइंट्स का नहीं, बल्कि बड़े होटलों की मेंबरशिप और गोल्फ प्रिविलेज जैसे खास फायदों का होता है।
पैसाबाजार (Paisabazaar) के CEO संतोष अग्रवाल बताते हैं कि ये सुपर-प्रीमियम क्रेडिट कार्ड उन लोगों के लिए डिजाइन किए गए हैं जिनकी कमाई बहुत ज्यादा है और बैंकों में मोटा पैसा जमा है। वो यह भी कहते हैं कि इतनी भारी-भरकम सालाना फीस देना तभी फायदेमंद है, जब कोई इन कार्ड्स पर मिलने वाले ट्रैवल और लग्जरी फायदों का पूरा इस्तेमाल कर पाए। आइए जानते हैं भारत के कुछ सबसे महंगे क्रेडिट कार्ड और उनके शानदार फायदों के बारे में।
1. एक्सिस प्राइमस क्रेडिट कार्ड (Axis Primus Credit Card)
यह भारत के सबसे एक्सक्लूसिव कार्ड्स में से एक है। इस कार्ड की ज्वाइनिंग फीस 5 लाख रुपए और सालाना फीस 3 लाख रुपए है। पार्टनर एयरलाइंस में फर्स्ट क्लास या बिजनेस क्लास टिकट बुक करने पर साथ जाने वालों के लिए चार टिकट मुफ्त मिलते हैं। इसके अलावा, अनलिमिटेड इंटरनेशनल गोल्फ एक्सेस और जीरो फॉरेक्स मार्कअप फीस जैसे फायदे भी हैं।
2. एचएसबीसी ताज क्रेडिट कार्ड (HSBC Taj Credit Card)
यह कार्ड लग्जरी स्टे और प्रीमियम ट्रैवल पर फोकस करता है। इसकी सालाना फीस 1.1 लाख रुपए है। कार्ड होल्डर्स को 'ताज इनर सर्कल प्लैटिनम नूपास' की मेंबरशिप मिलती है, जिससे ताज होटलों में रूम अपग्रेड और प्रायोरिटी चेक-इन जैसी सुविधाएं मिलती हैं। साथ ही, ताज प्रॉपर्टीज में बुकिंग पर 25% तक की छूट भी मिलती है।
3. अमेरिकन एक्सप्रेस प्लेटिनम कार्ड (American Express Platinum Card)
यह कार्ड दुनिया भर में प्रीमियम एक्सपीरियंस और वीआईपी इवेंट्स के लिए मशहूर है। इसकी सालाना फीस 66,000 रुपए है। इसके जरिए फैशन वीक, बड़े कॉन्सर्ट और ग्रैमी अवॉर्ड्स (Grammy Awards) जैसे इंटरनेशनल इवेंट्स के प्री-सेल टिकट और वीआईपी पास मिल सकते हैं।
4. एक्सिस बैंक बरगंडी प्राइवेट क्रेडिट कार्ड (Axis Bank Burgundy Private)
इस कार्ड की सालाना फीस 50,000 रुपए है (बरगंडी प्राइवेट अकाउंट होल्डर्स के लिए यह फ्री है)। इसमें एयरपोर्ट पर अनलिमिटेड लाउंज एक्सेस और जीरो फॉरेक्स मार्कअप फीस मिलती है। इसके अलावा, क्लब मैरियट, एकॉर प्लस और ताज एपिक्योर की फ्री मेंबरशिप भी दी जाती है।
5. आईडीएफसी फर्स्ट प्राइवेट क्रेडिट कार्ड (IDFC FIRST Private)
ट्रैवल और हाई-लाइफस्टाइल एक्सपीरियंस के लिए यह कार्ड 50,000 रुपए की सालाना फीस पर मिलता है। इसमें अनलिमिटेड इंटरनेशनल एयरपोर्ट लाउंज और स्पा (Spa) एक्सेस शामिल है। पहले 6 महीनों में 15 लाख रुपए खर्च करने पर 'ताज एक्सपीरियंस सिग्नेचर' डाइनिंग वाउचर भी मिलता है।
6. एक्सिस रिजर्व क्रेडिट कार्ड (Axis Reserve Credit Card)
50,000 रुपए की सालाना फीस वाला यह कार्ड प्रीमियम ट्रैवल बेनिफिट्स देता है। इसमें अनलिमिटेड लाउंज एक्सेस, साल में 50 फ्री गोल्फ राउंड्स, और आईटीसी कलिनियर व क्लब मैरियट एशिया पैसिफिक की फ्री मेंबरशिप मिलती है। इंटरनेशनल खर्चों पर सिर्फ 1.5% की फॉरेक्स मार्कअप फीस लगती है।
7. यस प्राइवेट क्रेडिट कार्ड (YES Private Credit Card)
इस कार्ड की ज्वाइनिंग फीस 50,000 रुपए और सालाना फीस 10,000 रुपए है। यह खासतौर पर लग्जरी ट्रैवल के लिए बनाया गया है। इसकी 'एयरपोर्ट बाय इनविटेशन' सर्विस के जरिए एयरपोर्ट पर प्राइवेट लाउंज और टरमैक ट्रांसफर (सीधे प्लेन तक ले जाने वाली गाड़ी) की सुविधा मिलती है। साथ ही, प्राइवेट चार्टर प्लेन की बुकिंग पर 1,000 डॉलर तक की बचत हो सकती है।
लग्जरी के पीछे की हकीकत
फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स चेतावनी देते हैं कि इन कार्ड्स को सिर्फ स्टेटस सिंबल के तौर पर नहीं देखना चाहिए। इनके फायदों का पूरा लाभ उठाने के लिए साल में बहुत बड़ी रकम खर्च करनी पड़ती है। असल में, बैंक इन कार्ड्स के जरिए क्रेडिट लिमिट से ज्यादा खास अनुभव बेच रहे हैं। लेकिन इन कार्ड्स की असली कीमत इस बात पर निर्भर करती है कि आप दिए गए फायदों का कितना इस्तेमाल करते हैं।
