Who Needs to File ITR by 30 November: 30 नवंबर 2026 तक किसे इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करना जरूरी है? जानें सेक्शन 92E के नियम और आप पर ये डेडलाइन लागू है या नहीं।
Income Tax Return Deadline: इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरने की आखिरी तारीख 30 नवंबर 2026 है। जिसे लेकर कई लोग कंफ्यूज हैं कि कहीं उनसे रिटर्न भरना छूट तो नहीं गया। अगर आपको भी लग रहा है कि ये डेडलाइन सभी नौकरीपेशा लोगों या आम टैक्सपेयर्स के लिए है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। असेसमेंट ईयर (AY) 2026-27 के लिए 30 नवंबर की आखिरी तारीख सिर्फ एक खास कैटेगरी के टैक्सपेयर्स पर लागू होती है। तो आइए जानते हैं नवंबर बीतने से पहले किसे रिटर्न भरना है और किसे नहीं...
30 दिसंबर ITR फाइल करने की लास्ट डेट किसके लिए है?
सामान्य सैलरी पाने वाले कर्मचारियों और आम टैक्सपेयर्स की ITR डेडलाइन पहले ही निकल चुकी है। वहीं, जिन कारोबारियों के खातों का ऑडिट होना जरूरी था, उनके लिए सरकार (CBDT) ने तारीख बढ़ाकर 21 नवंबर 2026 की थी। लेकिन 30 नवंबर की डेडलाइन उन खास लोगों और कंपनियों के लिए तय की गई है, जिन पर इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 92E (Section 92E) के नियम लागू होते हैं।
30 नवंबर तक किन 3 लोगों को भरना होगा ITR?
सेक्शन 92E के दायरे में आने वाले टैक्सपेयर्स
ऐसी कंपनियां या कारोबारी जिन्होंने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कोई बड़ा इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन (विदेशी लेनदेन) या तय सीमा से ऊपर का घरेलू (Specified Domestic) लेनदेन किया है और जिन्हें चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) से रिपोर्ट लेनी जरूरी है।
फर्म के पार्टनर
अगर कोई कंपनी या पार्टनरशिप फर्म सेक्शन 92E के नियमों के तहत आती है, तो उस फर्म के पार्टनर्स को भी 30 नवंबर तक अपना व्यक्तिगत ITR भरना होगा।
पार्टनर के जीवनसाथी
अगर ऐसे किसी पार्टनर के पति या पत्नी पर इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 5A के नियम लागू होते हैं, तो उनके लिए भी 30 नवंबर ही आखिरी तारीख है।
'सेक्शन 92E' और 'Form 3CEB' क्या है?
आसान शब्दों में समझें तो जब दो जुड़ी हुई कंपनियों जैसे एक कंपनी भारत में और दूसरी विदेश में, के बीच खरीद-बिक्री, सर्विस या कर्ज का लेनदेन होता है, तो टैक्स विभाग ये चेक करता है कि कहीं टैक्स बचाने के लिए कीमतों में हेरफेर तो नहीं किया गया। इसे 'ट्रांसफर प्राइसिंग' (Transfer Pricing) कहते हैं। ऐसे लेनदेन करने वालों को अपने CA से एक खास रिपोर्ट बनवानी होती है, जिसे Form 3CEB कहा जाता है। इस फॉर्म को जमा करने की आखिरी तारीख 31 अक्टूबर 2026 थी। अब जिन लोगों ने 31 अक्टूबर तक Form 3CEB जमा किया था, उनके लिए अपना पूरा इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करने की आखिरी तारीख 30 नवंबर 2026 है।
रिटर्न फाइल करने से पहले इन 3 जरूरी बातों का रखें ध्यान
Form 3CEB और ITR का मिलान करें
आपने 31 अक्टूबर को Form 3CEB में लेनदेन की जो जानकारी दी थी, वह आपके ITR और ऑडिट रिपोर्ट से पूरी तरह मेल खानी चाहिए।
दोनों अलग-अलग काम हैं
ये न सोचें कि Form 3CEB भर दिया तो काम खत्म हो गया। उसमें सिर्फ खास लेनदेन का ब्योरा होता है, जबकि ITR में आपकी पूरी कमाई, टैक्स छूट (Deductions) और कुल टैक्स का हिसाब जाता है।
E-Verify करना न भूलें
सिर्फ ITR सबमिट कर देना काफी नहीं है। रिटर्न भरने के बाद डिजिटल सिग्नेचर (DSC) या आधार ओटीपी (ई-वेरिफिकेशन) के जरिए उसे वेरिफाई जरूर करें, वरना आपका रिटर्न अधूरा माना जाएगा।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से है। यहां दी गई जानकारी आयकर विभाग (Income Tax Department) के नियमों और प्रावधानों पर आधारित है। टैक्स रिटर्न दाखिल करने या किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) या आयकर विभाग की आधिकारिक वेबसाइट (incometax.gov.in) पर नियमों की पुष्टि अवश्य करें।














