आकाश अंबानी ने Jio Platforms IPO को मिले समर्थन पर निवेशकों का आभार जताया। जानिए अगले 10 साल में AI, Cloud और डिजिटल सेवाओं को लेकर Jio की योजना।
Jio Platforms की शेयर बाजार में लिस्टिंग के मौके पर आकाश अंबानी ने कंपनी के निवेशकों, ग्राहकों और कर्मचारियों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि Jio के IPO को देश और विदेश के निवेशकों से उम्मीद से ज्यादा प्यार मिला है। कंपनी का IPO लॉन्च होने के महज 95 मिनट में पूरा भर गया था। आकाश अंबानी के मुताबिक, IPO के लिए 7.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की मांग आई और 1.3 करोड़ से ज्यादा भारतीयों ने इसमें हिस्सा लिया।
आकाश अंबानी ने कहा कि निवेशकों के इस भरोसे से उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि जब वह Jio से जुड़े थे, तब कंपनी के पास न ग्राहक थे और न कमाई। उस समय उनके सामने सिर्फ एक सपना था कि देश के हर व्यक्ति तक सस्ती और अच्छी डिजिटल सेवाएं पहुंचाई जाएं।
एक बच्ची की कहानी से समझाया Jio का असर
आकाश अंबानी ने केरल की अंजलि नाम की एक बच्ची का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि यह बच्ची अपनी मां के फोन पर पढ़ाई का सामान डाउनलोड करने के लिए हर दिन करीब 2 किलोमीटर पहाड़ी रास्ते पर जाती थी, ताकि उसे इंटरनेट मिल सके। Jio की सेवा मिलने के बाद उसकी यह परेशानी दूर हो गई और घर पर ही पढ़ाई करना आसान हो गया। Jio की कामयाबी सिर्फ ग्राहकों की गिनती से नहीं, बल्कि उन लोगों की जिंदगी में आए बदलाव से मापी जानी चाहिए, जिन्हें इससे आगे बढ़ने का मौका मिला है।
540 मिलियन से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचा Jio
आकाश अंबानी ने बताया कि आज Jio के प्लेटफॉर्म 540 मिलियन यानी 54 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों को सेवाएं दे रहे हैं। पहले Jio के ग्राहक कहते थे, 'Jio मैंने बनाया।' अब वह चाहते हैं कि हर शेयरधारक भी इस सफर का हिस्सा बने और सब मिलकर नया Jio बनाएं। उन्होंने निवेशकों से वादा किया कि कंपनी उनके पैसे की सुरक्षा और उसमें बढ़ोतरी के लिए लगातार काम करेगी। इसके लिए ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देना और कंपनी को आगे बढ़ाना जरूरी है।
अगले 10 साल में AI और Cloud पर जोर
- आकाश अंबानी ने कहा कि Jio ने अपने पहले 10 साल में देश के करोड़ों लोगों तक इंटरनेट पहुंचाने का काम किया।
- अब अगले 10 साल में कंपनी AI, Cloud, आपस में जुड़े उपकरणों, अंतरिक्ष से मिलने वाली कनेक्टिविटी और नई डिजिटल सेवाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना चाहती है।
- उन्होंने कहा- Jio का मकसद ऐसा भारत बनाना है, जहां देश के हर कोने और हर भाषा में लोगों को डिजिटल सेवाएं मिल सकें।
- आकाश ने यह भी कहा कि भारत अब सिर्फ दूसरी कंपनियों की तकनीक इस्तेमाल करने वाला देश नहीं, बल्कि अपनी तकनीक बनाने वाला देश बन रहा है।
धीरूभाई अंबानी के सपने को आगे बढ़ाने का वादा
आकाश अंबानी ने अपने दादा धीरूभाई अंबानी और पिता मुकेश अंबानी को याद किया। उन्होंने कहा- धीरूभाई का सपना हर भारतीय तक रोटी, कपड़ा, मकान और मोबाइल पहुंचाने का था। Jio इसी सोच को डिजिटल दुनिया में आगे बढ़ा रहा है। Jio की शेयर बाजार में लिस्टिंग मंजिल नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। कंपनी आगे भी नए काम करेगी, बेहतर सेवाएं देगी और ग्राहकों व निवेशकों का भरोसा जीतने की कोशिश करती रहेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि एक दिन दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों में भारत की कंपनी Jio Platforms का नाम भी होगा।






