LPG Gas e-KYC Deadline: गैस सिलेंडर ई-केवाईसी का आज 30 सितंबर आखिरी दिन है। अगर प्रक्रिया पूरी नहीं की, तो 1 अक्टूबर से घरेलू सिलेंडर महंगा पड़ सकता है।
LPG e-KYC Last Date: अगर आपके घर में भी रसोई गैस का सिलेंडर इस्तेमाल होता है, तो ये खबर आपके लिए है। सरकार और ऑयल कंपनियों (Indane, HP, Bharat Gas) की तरफ से गैस ई-केवाईसी (e-KYC) कराने का आज 30 सितंबर 2026 को आखिरी मौका है। अगर आपने रात 12 बजे तक ये छोटा सा काम पूरा नहीं किया, तो 1 अक्टूबर 2026 से आपके सिलेंडर की बुकिंग रुक सकती है। सबसे बड़ा झटका ये लग सकता है कि घरेलू सिलेंडर के लिए भी आपको भारी-भरकम कमर्शियल रेट चुकाना पड़ सकता है। आइए जानते हैं ई-केवाईसी न कराने पर क्या होगा...
LPG e-KYC आज ही क्यों जरूरी है?
पेट्रोलियम मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि 1 अक्टूबर से बायोमेट्रिक आधार वेरिफिकेशन पूरी तरह अनिवार्य हो रहा है। सरकार का मकसद है कि सिर्फ जरूरतमंद और असली ग्राहकों को ही सस्ती दरों पर गैस सब्सिडी मिले। घरेलू गैस सिलेंडरों का होटल, ढाबों या फैक्ट्रियों में गलत इस्तेमाल यानी कालाबाजारी रुके। कंपनियों ने जुलाई से अब तक कई बार तारीख बढ़ाई है। पहले 30 जून, फिर जुलाई, अगस्त और 14 सितंबर तक कई मौके दिए गए। करीब 12 करोड़ से ज्यादा मैसेज भेजने और जगह-जगह कैंप लगाने के बाद अब आज इसका फाइनल दिन तय किया गया है।
एलपीजी ई-केवाईसी से चूक गए, तो क्या-क्या नुकसान होगा?
गैस सिलेंडर ₹1,800 महंगा पड़ सकता है
नियमों के मुताबिक, जिन लोगों की ई-केवाईसी अधूरी रहेगी, उन्हें घरेलू सिलेंडर भी कमर्शियल (कमर्शियल रेट) पर खरीदना पड़ सकता है। जैसे दिल्ली में 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर अभी ₹942 का मिलता है, जबकि 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर ₹2,747.50 का है। यानी अगर आपकी केवाईसी नहीं हुई, तो आपको एक ही सिलेंडर पर करीब ₹1,805.50 तक ज्यादा खर्च करने पड़ सकते हैं। मुंबई, लखनऊ, पटना, कोलकाता या चेन्नई, हर शहर में बिना सब्सिडी और कमर्शियल रेट के चलते बजट बिगड़ना तय है।
गैस सब्सिडी तुरंत बंद हो सकती है
सरकार प्रति घरेलू सिलेंडर पर इनडायरेक्ट सब्सिडी देती है, जो सितंबर में करीब ₹210 प्रति सिलेंडर तक रही है। 1 अक्टूबर से बिना बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन वाले खातों की यह सब्सिडी रोक दी जा सकती है। जब तक आप प्रक्रिया पूरी नहीं करेंगे, तब तक सब्सिडी वाले रेट पर बुकिंग दोबारा शुरू नहीं होगी।
उज्ज्वला ग्राहकों की बुकिंग पर रोक
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थी अगर आज अपना बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन नहीं कराते हैं, तो उनकी नई गैस रीफिल बुकिंग तुरंत रुक सकती है।
एलपीजी ई-केवाईस कराने के 3 आसान तरीके
डिलीवरी बॉय या एजेंसी से
- सिलेंडर देने वाले हॉकर या डिलीवरी एजेंट के पास मशीन और मोबाइल ऐप होता है। आप मौके पर ही अंगूठा या चेहरा स्कैन करवाकर काम निपटा सकते हैं।
- अगर पास में डिस्ट्रीब्यूटर का ऑफिस है, तो वहां जाकर बायोमेट्रिक करा लें।
स्मार्टफोन से कराएं ई-केवाईसी
Indane Gas ग्राहक
- प्ले स्टोर से IndianOil One और AadhaarFaceRD ऐप डाउनलोड करें।
- मोबाइल नंबर से साइन-अप करें और अपनी 16 अंकों की LPG ID लिंक करें।
- होमपेज पर जाकर 'My Profile' खोलें और 're-KYC' पर टैप करें।
- सहमति पर टिक करें और 'Face Scan' चुनकर कैमरे के सामने चेहरा दिखाएं। वेरिफिकेशन पूरा हो जाएगा।
Bharat Gas ग्राहक
- Hello BPCL ऐप डाउनलोड करके रजिस्टर्ड नंबर से लॉगिन करें।
- स्क्रीन पर दिख रहे 'e-KYC' ऑप्शन पर क्लिक करें।
- मोबाइल पर आया 6 अंकों का OTP दर्ज करें और नियमों को स्वीकार कर आगे बढ़ें।
HP Gas ग्राहक
- HP Pay ऐप और AadhaarFaceRD ऐप इंस्टॉल करें।
- अपने गैस कनेक्शन वाले मोबाइल नंबर और OTP से लॉगिन करें।
- 'MY HP' में जाकर 'LPG' पर जाएं और 'e-KYC' विकल्प चुनें।
- 'Capture Face' पर टैप करते ही फेस-आरडी ऐप खुलेगा; कैमरे के सामने चेहरा स्थिर रखें और कुछ ही सेकंड में प्रोसेस डन।


