सार

राष्ट्रपति मुर्मू ने बजट सत्र के पहले दिन संसद को संबोधित किया। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। अब 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण देश का आम बजट पेश करेंगी।

बिजनेस डेस्क : मोदी सरकार 3.0 का पहला बजट सत्र शुरू हो गया है। पहले दिन 31 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) ने संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा के जॉइंट सेशन को संबोधित किया। राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी (Economy) बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। आइए पॉइंट टू पॉइंट जानते हैं राष्ट्रपति के अभिभाण की बड़ी बातें...

1. दलित, वंचित और आदिवासी समाज को प्राथमिकता 

राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में कहा- आज देश के विकास में सबका साथ है, इसलिए हम देश के सभी सामर्थ्य को देख रहे हैं। इसका सबसे ज्यादा लाभ दलित, वंचित और आदिवासी समाज को मिल रहा है।

2. मेट्रो नेटवर्क में भारत तीसरा सबसे बड़ा देश 

मेट्रो नेटवर्क में भारत दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा देश बन गया है। इलेक्ट्रिक बस चलाने के फैसला किया गया है। इससे भी रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। पूरे देश में 15 रोपवे प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। 2014 में दिल्ली-NCR में मेट्रो का नेटवर्क 200 किमी था, जो अब दोगुने से ज्यादा हो गया है।

3. कैंसर दवाएं कस्टम ड्यूटी से मुक्त 

सरकार ने कैंसर दवाओं को कस्टम ड्यूटी से मुक्त किया है। सर्वाइकल कैंसर के लिए 9 करोड़ महिलाओं की स्क्रीनिंग हो चुकी है। फिजिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ ही सोशल इन्फ्रास्ट्रक्चर पर भी काम किया है। इलाज और सेवा के चलते परिवार का खर्च कम हो रहा है। 1.75 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर बने हैं।

4. मिशन मौसम से किसानों को फायदा 

मौसम विज्ञान विभाग के 150 साल पूरे होने पर 2,000 करोड़ की लागत से मिशन मौसम शुरू किया है। जिसका फायदा किसानों को होगा। बाबा साहेब अंबेडकर के विजन पर चलते हुए सूखा ग्रस्त इलाकों में सिंचाई और पीने के पानी उपलब्ध कराने के प्रोजेक्ट्स शुरू हुए हैं। 40 हजार करोड़ से ज्यादा केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट शुरू हुए।

5. बुनियादी ढांचे का बजट 5 गुना बढ़ा 

राष्ट्रपति ने कहा कि आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर देश को नया आत्मविश्वास दे रहा है। 10 साल पहले बुनियादी ढांचे का बजट 2 लाख करोड़ हुआ करता था, जो अब 11 लाख करोड़ से ज्यादा हो चुका है। डीप वाटर मेगा पोर्ट दुनिया के टॉप 10 पोर्ट में शामिल होगा। देश कश्मीर से कन्याकुमारी तक रेल लाइन से जुड़ जाएगा। दुनिया का सबसे ऊंचा ब्रिज, रेल केबल ब्रिज हमारे देश में बनाया गया है।

6. 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य 

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि नारी शक्ति वंदन के लिए लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण हमारा सबसे अहम कदम है। 10 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को 9 लाख करोड़ रुपए सरकार ने दिए हैं। 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का सरकार लक्ष्य लेकर चल रही है। 1.15 करोड़ से ज्यादा लखपति दीदी बन चुकी हैं, जो उद्यमी के रूप में काम कर रही हैं।

7. पेपर लीक को रोकने के लिए नया कानून 

छात्रों को हायर एजुकेशन में मदद के लिए योजना शुरू की गई है। 500 कंपनियों में इन्हें इंटर्नशिप भी देने का प्लान है। पेपर लीक को रोकने के लिए नया कानून भी लागू हो चुका है।

8. ग्राम सकड़ योजना का विस्तार 

सरकार ने ग्राम सड़क योजना के लिए 26,000 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। पिछले 6 महीने में 17 वंदेभारत को जोड़ा गया है।

9. आवास, किसान सम्मान निधि का लाभ

 PM आवास योजना को बढ़ाते हुए 3 करोड़ अतिरिक्त घर सरकार बनाएगी। जिस पर 5 लाख 36 करोड़ रुपए खर्च होंगे। स्वामित्व योजना में अब तक 2.25 करोड़ स्वामित्व कार्ड जारी हो चुके हैं। इनमें 70 लाख तो पिछले 6 महीने में ही जारी हुए हैं। किसान सम्मान निधि के तहत 41,000 करोड़ रुपए का भुगतान पिछले महीने सरकार ने किया है।

10. 70 प्लस को आयुष्मान का लाभ 

आयुष्मान के तहत 70 साल और उससे ज्यादा वरिष्ठ नागरिकों को बीमा देने का फैसला लिया गया है। छोटे उद्यमियों के लिए मुद्रा ऋण की सीमा 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपए कर दी गई है।

इसे भी पढ़ें 

Union Budget 2025: अब तक का सबसे छोटा बजट भाषण किसका?

Union Budget 2025: किसके नाम है सबसे ज्यादा बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड