सार
Free Money for Pregnant Women : मां बनने वाली महिलाओं के लिए खुशखबरी है। केंद्र सरकार प्रेगनेंट और फीड कराने वाली महिलाओं को आर्थिक मदद देती है। प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना (PMMVY) के तहत फ्री में पैसे दिए जाते हैं।
Government Scheme for Pregnant Ladies : मां बनने वाली हैं? तो घर बैठे कई सरकारी स्कीम्स का फायदा उठा सकती हैं। प्रेगनेंट महिलाओं के लिए सरकार कई तरह की योजनाएं चलाती है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (Pradhan Mantri Matru Vandhana Yojana) एक ऐसी ही स्कीम है। यह स्कीम महिलाओं को मातृत्व लाभ (Maternity Benefit) देने के लिहाज से चलाई जा रही है। आइए जानते हैं यह स्कीम क्या है, इसमें महिलाओं को कितने और कब-कब पैसे मिलते है, इस योजना का लाभ पाने के लिए क्या करना पड़ता है...
PMMVY पर सरकार कितना खर्च करती है
प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना को शुरू हुए 8 साल हो गए हैं। तब से लेकर अब तक करीब 3.9 करोड़ महिलाओं को योजना का लाभ मिल चुका है। साल 2017 में शुरू हुई इस योजना के लिए सरकार ने 18,000 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। बुधवार, 27 मार्च को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी।
प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना क्या है
प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना का मकसद प्रेगनेंट और फीड कराने वाली महिलाओं की वित्तीय मदद करना है। इस योजना में पहले बच्चे के जन्म के लिए लाभार्थी महिला के बैंक या पोस्ट ऑफिस अकाउंट में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए 5,000 रुपए की सहायता दी जाती है। इसके अलावा जननी सुरक्षा योजना के तहत अस्पताल में डिलीवरीके बाद बाकी का पैसा दिया जाता है। इस तरह इस योजना में एक महिला को औसतन 6,000 रुपए की मदद दी जाती है। दूसरी बार प्रेगनेंट होने पर अगर महिला बेटी को जन्म देती है तो उसे एकमुश्त 6,000 रुपए दिए जाते हैं।
PMMVY में कौन सी महिलाएं अप्लाई कर सकती हैं
- अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST)
- आंशिक रूप से (40%) या पूरी तरह से दिव्यांग
- BPL (गरीबी रेखा से नीचे) राशन कार्ड वाली महिलाएं
- राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) 2013 के तहत राशन कार्ड वाली महिलाएं
- ई-श्रम कार्ड वाली महिलाएं
- किसान सम्मान निधि की लाभार्थी महिला किसान
- मनरेगा (MGNREGA) जॉब कार्ड वाली महिलाएं
- जिन महिलाओं की फैमिली की सालाना आय 8 लाख रुपए से कम है
- प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) के तहत आयुष्मान भारत की लाभार्थी
- प्रेगनेंट और फीडिंग कराने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता (AWW), सहायिका (AWH) और आशा कार्यकर्ता (ASHA)
- केंद्र सरकार के निर्धारित अन्य किसी कैटेगरी में आने वाली महिलाएं
PMMVY का लाभ किन महिलाओं को नहीं मिलेगा
- केंद्र, राज्य या किसी PSU कंपनी में परमानेंट नौकरी करने वाली महिलाएं
- अन्य कानून के तहत इस योजना की शर्तें पूरी न करने वाली महिलाएं
PMMVY के लिए कैसे करें आवेदन
अगर कोई प्रेगनेंट महिला प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के लिए एलिजिबल है तो अपने नजदीकी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या आशा कार्यकर्ता की मदद से ऑनलाइन फॉर्म भर सकती हैं। इसके अलावा महिलाएं सीधे PMMVY पोर्टल पर जाकर भी योजना के लिए अप्लाई कर सकती हैं।