प्रधानमंत्री मोदी की 1 साल तक सोना न खरीदने की अपील के बाद जूलरी कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई। टाइटन, कल्याण जूलर्स और सेनको गोल्ड के शेयर 6% से 10% तक टूट गए। यह अपील घटते विदेशी मुद्रा भंडार को देखते हुए की गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक अपील के बाद शेयर बाजार में जूलरी कंपनियों के शेयरों में भूचाल आ गया। पीएम मोदी ने लोगों से अपील की है कि वे एक साल तक शादियों के लिए सोना खरीदने से बचें। इस खबर के आते ही देश की सबसे बड़ी जूलरी कंपनियों में से एक, टाइटन का शेयर आज कारोबार के दौरान 6% से ज्यादा टूट गया। सिर्फ टाइटन ही नहीं, बल्कि कल्याण जूलर्स और सेनको गोल्ड जैसी कंपनियों के शेयरों में भी लगभग 10% तक की गिरावट देखी गई।

बाजार में आखिर हुआ क्या?
प्रधानमंत्री ने वैश्विक आर्थिक संकट और देश के घटते विदेशी मुद्रा भंडार का हवाला देते हुए लोगों से सोना खरीदने में संयम बरतने की गुजारिश की। इस अपील के बाद निवेशकों में डर फैल गया कि सोने की मांग में भारी कमी आ सकती है। इसी डर के चलते निवेशकों ने जूलरी कंपनियों के शेयर धड़ाधड़ बेचने शुरू कर दिए। कल्याण जूलर्स के शेयरों में करीब 8% की गिरावट आई। एक समय पर टाइटन का शेयर 6.28% गिरकर 4,230 रुपये पर आ गया था। सबसे ज्यादा नुकसान सेनको गोल्ड को हुआ, जिसके शेयर लगभग 9% तक गिर गए।
प्रधानमंत्री की बातों के पीछे आर्थिक कारण
प्रधानमंत्री की इस अपील के पीछे कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और विदेशी मुद्रा भंडार में आ रही कमी बड़े कारण हैं। भारत सोने और कच्चे तेल, दोनों का आयात अमेरिकी डॉलर में करता है। जब देश में सोने की खरीद बढ़ती है, तो डॉलर का भंडार तेजी से घटता है। इसका सीधा असर भारतीय रुपये की कीमत पर पड़ता है और रुपया कमजोर होता है। पश्चिम एशिया में तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में रुकावटों के कारण आने वाले समय में ईंधन की कीमतें बढ़ने की आशंका है। इसी को देखते हुए मोदी ने ईंधन का इस्तेमाल कम करने और सोना खरीदने की योजना को एक साल के लिए टालने की अपील की है। आंकड़ों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2026 में भारत हर महीने औसतन 60 टन सोना आयात कर रहा है, जिस पर देश को करीब 600 करोड़ डॉलर खर्च करने पड़ते हैं।
मुनाफे के बावजूद गिरे शेयर
दिलचस्प बात यह है कि यह गिरावट तब आई है जब ये कंपनियां अच्छा मुनाफा कमा रही थीं। मार्च तिमाही में टाइटन ने 1,179 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। वहीं, कल्याण जूलर्स का मुनाफा दोगुना होकर 409.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया था। इसके बावजूद, बाजार में अब यह चिंता है कि प्रधानमंत्री की अपील के कारण आने वाले शादी-ब्याह के सीजन में सोने की बिक्री घट सकती है।
