1 अक्टूबर से खाली हो सकती है जेब! Festive Shopping से पहले जान लें ये 5 बड़े बदलाव
1 October New Rules: क्या आप भी अक्टूबर में फेस्टिवल्स की शॉपिंग की प्लानिंग कर रहे हैं? अगर हां, तो रूकिए, 1 अक्टूबर से पैसों-बैंकिंग से जुड़े 5 नियम बदलने जा रहे हैं, जो बजट पर असर डालेंगे। अगर पहले से ध्यान नहीं दिया, तो फालतू चार्ज कटने तय हैं।

SBI ATM से फ्री कैश निकालने की लिमिट घटी
अगर आपका भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में सैलरी अकाउंट है, तो आपके लिए जरूरी अलर्ट है। अब तक आप किसी दूसरे बैंक के एटीएम से महीने में 10 बार मुफ्त में पैसे या सेवाएं ले सकते थे, लेकिन 1 अक्टूबर से यह लिमिट घटकर सिर्फ 5 बार रह जाएगी। इसके बाद आप जब भी दूसरे बैंक के एटीएम में कार्ड डालेंगे, चार्ज लगेगा। सिर्फ कैश निकालना ही नहीं, बल्कि बैलेंस चेक करना या मिनी स्टेटमेंट निकालना भी इन 5 मौकों में गिना जाएगा। राहत की बात ये है कि SBI के अपने एटीएम से सैलरी अकाउंट वाले जितनी मर्जी बार ट्रांजैक्शन करें, वो पहले की तरह बिल्कुल फ्री रहेगा। आम सेविंग्स अकाउंट के नियमों में कोई बदलाव नहीं है।

LPG गैस सब्सिडी बिना e-KYC बंद हो जाएगी
घर की रसोई का बजट न बिगड़े, इसके लिए 1 अक्टूबर से पहले अपने गैस कनेक्शन का आधार बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन जरूर करवा लें। जिन ग्राहकों की e-KYC पूरी नहीं होगी, उनके बैंक खाते में आने वाली गैस सब्सिडी रोक दी जाएगी। सब्सिडी रुकने के साथ ही आपको 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर मिलना बंद हो सकता है और मजबूरी में मार्केट रेट पर 5 या 10 किलो वाला छोटा सिलेंडर लेना पड़ेगा। ये काम आप अपनी गैस एजेंसी जाकर, घर पर सिलेंडर देने आने वाले डिलीवरी बॉय के जरिए बायोमेट्रिक मशीन से या फिर मोबाइल ऐप से खुद घर बैठे कर सकते हैं।
UPI पेमेंट पर नया नियम
डिजिटल लेन-देन को लेकर 15 अक्टूबर से एक नया अपडेट लागू होने जा रहा है। अगर आप 2,000 रुपए से ज्यादा का यूपीआई पेमेंट करते हैं, तो उस पर 0.4% MDR चार्ज तय किया गया है। राहत की बात ये है कि ये चार्ज आम ग्राहक को अपनी जेब से नहीं देना है, ये सिर्फ मर्चेंट यानी दुकानदार के खाते पर लागू होगा। 1 लाख रुपए तक के यूपीआई पेमेंट वाले छोटे दुकानदारों को इस चार्ज से बाहर रखा गया है। बैंकों और कंपनियों को साफ निर्देश हैं कि इस चार्ज का कोई भी बोझ चुपके से ग्राहकों पर न डाला जाए।
FD पर RBI का नया नियम
फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में बड़ा पैसा लगाने वालों के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने पारदर्शिता बढ़ाने का फैसला किया है। 1 अक्टूबर से बैंकों को 'बल्क एफडी' (बड़ी रकम की जमा) की ब्याज दरें हर रोज सुबह तय समय पर जारी करनी होंगी। हर कामकाजी दिन सुबह 10 बजे तक ऑनलाइन रेट्स दिखाने होंगे, जिसके लिए अधिकतम समय सुबह 10:10 बजे तक का है। एक ही तारीख पर जमा होने वाली एफडी पर बैंक मनमर्जी से अलग-अलग ब्याज नहीं दे पाएंगे, सभी के लिए रेट्स एक जैसे रखने होंगे।
NPS अकाउंट खोलना महंगा
अगर आप अपने रिटायरमेंट के लिए नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) या एनपीएस लाइट में नया अकाउंट खोलने की सोच रहे हैं, तो 1 अक्टूबर से जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। अगर आप किसी बैंक या सर्विस प्रोवाइडर (Point of Presence- PoP) के जरिए जाकर खाता खुलवाते हैं, तो हर PRAN (परमानेंट रिटायरमेंट अकाउंट नंबर) पर 200 रुपए का जॉइनिंग चार्ज लगेगा। अगर आप यह एक्स्ट्रा चार्ज बचाना चाहते हैं, तो ऑनलाइन e-NPS पोर्टल के जरिए खुद अकाउंट खोल सकते हैं।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।

