महिला सहकर्मी के यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद पिछले साल मई में निलंबित किए गए एअर इंडिया के एक वरिष्ठ पायलट को सेवा में बहाल कर दिया गया है

नई दिल्ली: महिला सहकर्मी के यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद पिछले साल मई में निलंबित किए गए एअर इंडिया के एक वरिष्ठ पायलट को सेवा में बहाल कर दिया गया है। हालांकि पायलट को आंतरिक समिति की जांच में दोषी पाया गया है और उस पर ‘‘भारी जुर्माना’’ लगाया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि समिति ने कैप्टन सचिन गुप्ता पर ‘‘भारी जुर्माना’’ लगाया है। गुप्ता ने अब सजा के खिलाफ उच्च प्राधिकरण से अपील की है। एअर इंडिया के क्षेत्रीय निदेशक (उत्तरी क्षेत्र), पी एस नेगी ने इस मामले पर विशिष्ट प्रश्नों के जवाब में ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘एअर इंडिया की आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) ने जांच की और कैप्टन सचिन गुप्ता को दुराचार के आरोपों में दोषी पाया।

अनुदेशक के रूप में किया गया है नियुक्त

उन्होंने बताया कि अनुशासनात्मक कार्रवाई करने वाले प्राधिकरण ने कैप्टन सचिन गुप्ता पर कंपनी के सेवा नियम के तहत तत्काल ‘‘भारी जुर्माना’’ लगाया। उन्होंने बताया, ‘‘इन सेवा नियमों को ध्यान में रखते हुए, कैप्टन सचिन गुप्ता ने दी गई सजा के खिलाफ अब अगले उच्च प्राधिकरण/सीएमडी (अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक) के समक्ष अपील दायर की है। गुण-दोष के आधार पर उक्त अपील की जांच की जाएगी और योग्य अपीलीय प्राधिकारी उचित समय पर इस मामले पर विचार करेगा।’’

एअर इंडिया के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर पीटीआई-भाषा को बताया कि गुप्ता को अनुदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)