Multibagger Stock: भारत का पहला एसी बनाने वाली दिग्गज कंपनी ने शानदार तिमाही नतीजे जारी किए हैं। कभी 9 रुपए से भी सस्ता यह मल्टीबैगर स्टॉक आज करीब 1,300 रुपए के आसपास है।
Voltas Share: शेयर बाजार में कुछ स्टॉक्स ऐसे होते हैं, जो लंबे समय में निवेशकों की किस्मत बदल देते हैं। टाटा ग्रुप का वोल्टास (Voltas) भी ऐसा ही एक नाम है। कभी यह शेयर 9 रुपए से भी कम भाव पर कारोबार करता था, लेकिन आज इसकी कीमत 1,300 रुपए के आसपास है। लंबे समय में इस स्टॉक ने 14,500% से ज्यादा का रिटर्न दिया है। खास बात यह है कि कंपनी ने शुक्रवार 14 अगस्त 2026 कोफाइनेंशियल ईयर 2027 की पहली तिमाही (Q1 FY27) के नतीजे जारी किए हैं। मुनाफे में जोरदार बढ़ोतरी हुई है, हालांकि रिजल्ट के बाद शेयर में गिरावट भी देखने को मिली। ऐसे में निवेशकों की नजर अब इस स्टॉक पर बनी हुई है।
वोल्टास के नतीजे कैसे हैं?
नेट प्रॉफिट (Net Profit): इस तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 52.2% बढ़कर 214 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है, जो पिछले साल इसी दौरान 140 करोड़ रुपए था।
रेवेन्यू (Revenue): कंपनी की कुल कमाई 19.7% बढ़कर 4,674 करोड़ रुपए हो गई है, जबकि पिछले साल यह 3,939 करोड़ रुपए थी।
एबिटा (EBITDA): कंपनी का एबिटा 48.7% उछलकर 266 करोड़ रुपए हो गया है, और इसका मार्जिन भी बढ़कर 5.7% पर पहुंच गया है।
वोल्टास शेयर अच्छे रिजल्ट के बाद भी क्यों गिरा?
कंपनी के नतीजे मजबूत रहे, लेकिन रिजल्ट के बाद ट्रेडिंग के दौरान वोल्टास के शेयर में गिरावट देखने को मिली। 17 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे शेयर करीब 3.65% गिरकर ₹1,272.30 के आसपास कारोबार कर रहा था। शेयर इससे पहले करीब ₹1,325.10 पर खुला था। यानी अच्छा रिजल्ट आने के बावजूद बाजार में शेयर पर दबाव दिखा। शेयर बाजार में ऐसा कई बार होता है। किसी कंपनी का रिजल्ट अच्छा आने के बाद भी शेयर गिर सकता है, क्योंकि बाजार पहले से ही उस प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा हो या निवेशक मुनाफावसूली कर रहे हों।
भारत का पहला एसी बनाने वाली कंपनी है वोल्टास
वोल्टास कंपनी ने 72 साल पहले 1954 में भारत में सबसे पहला एयर कंडीशनर (AC) बनाया था। आज टाटा ग्रुप की यह कंपनी देश के घर-घर में कूलिंग और होम अप्लायंसेज के मामले में एक बहुत बड़ा और भरोसेमंद नाम बन चुकी है।
वोल्टास शेयर कभी 9 रुपए से भी कम था
14 जुलाई 1995 को वोल्टास का शेयर करीब 8.90 रुपए के लेवल पर था। आज यह शेयर करीब 1,300 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा है। यानी करीब तीन दशक में शेयर की कीमत में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, 1995 के 8.90 रुपए के लेवल से अब तक वोल्टास ने करीब 14,536% का रिटर्न दिया है। इस शेयर ने करीब 32 साल में निवेशकों का पैसा 146 गुना से ज्यादा किया है।
डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी के उद्देश्य से है। इसमें दिए गए शेयर भाव और रिटर्न उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित हैं और समय के साथ बदल सकते हैं। इसे निवेश की सलाह न मानें। शेयर बाजार निवेश जोखिमों के अधीन है। किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपनी रिसर्च करें और वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।


