चीन की 30 वर्षीय किन शहर छोड़कर गांव में अपने पिता का स्नेक फार्म संभाल रही हैं। उनके फार्म में 60,000 से ज़्यादा ज़हरीले सांप हैं। वह सांप के ज़हर, खाल और मांस बेचकर सालाना 10 लाख युआन (लगभग 1.20 करोड़ रुपये) कमाती हैं।

Snake Farming News: सांप का नाम सुनते ही अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं। लेकिन सोचिए, कोई ज़हरीले सांपों को पालने को ही अपना बिजनेस बना ले तो? चीन की एक लड़की ने ऐसा ही किया है। 30 साल की किन (Qin) शहर की आरामदायक ज़िंदगी छोड़कर अपने गांव लौट आईं और अब इस बिजनेस से करोड़ों कमा रही हैं। गुआंग्शी प्रांत की रहने वाली किन के पिता का एक स्नेक फार्म था, जिसे अब वो संभाल रही हैं। आज इस फार्म में 60,000 से ज़्यादा ज़हरीले सांप हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, किन के फार्म में 50,000 'फाइव-स्टेप स्नेक' (Five-step snakes) और करीब 10,000 कोबरा सांप हैं। 'फाइव-स्टेप स्नेक' को चीन का सबसे ज़हरीला सांप माना जाता है, कहते हैं कि इसके काटने के बाद इंसान पांच कदम भी नहीं चल पाता। किन कहती हैं, 'इन सांपों को खाना खिलाना बहुत जोखिम भरा काम है। लेकिन मुझे डर नहीं लगता। मेरे पैदा होने से पहले से ही मेरे पिता इस बिजनेस में हैं'।

इस फार्म से निकलने वाले सांप के ज़हर, खाल और मांस की बाज़ार में बहुत ज़्यादा डिमांड है। यहां सांप का ज़हर, सूखी खाल, पित्ताशय (gallbladder) और स्नेक ऑयल पारंपरिक चीनी दवाओं और वैज्ञानिक रिसर्च के लिए बेचा जाता है। एक ग्राम ज़हर की कीमत उसकी क्वालिटी के हिसाब से 40 से 200 युआन तक मिलती है। वहीं, एक सांप के मांस की कीमत 300 युआन तक होती है। सारे खर्चे निकालने के बाद, किन इस बिजनेस से हर साल 10 लाख युआन (करीब 1।20 करोड़ रुपये) कमा लेती हैं।

किन सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं। उनका हैंडल 'The Girl Who Collects Snake Venom' (सांप का ज़हर इकट्ठा करने वाली लड़की) नाम से मशहूर है। वो अक्सर अपने काम से जुड़े वीडियो शेयर करती रहती हैं। हालांकि, वो अपने फॉलोअर्स को इस काम के खतरों और सांप के काटने पर होने वाले भयानक दर्द के बारे में चेतावनी भी देती हैं। किन कहती हैं कि एक बार सांप काट ले, तो उसका दर्द ज़िंदगी भर नहीं भूलता। सोशल मीडिया पर कई लोग कमेंट करते हैं कि यह काम करने के लिए वाकई बहुत हिम्मत चाहिए।