WhatsApp पर आए एक मैसेज के सिर्फ 60 सेकंड बाद एक बिजनेसमैन ने 17 लाख रुपए निवेश कर दिए। कैसे क्रेड फाउंडर ने सैकड़ों स्टार्टअप्स पर दांव लगाकर अपनी अलग पहचान बनाई।
Whatsapp Business: क्या कोई सिर्फ 60 सेकंड में लाखों रुपए का निवेश करने का फैसला ले सकता है? सुनने में यह फिल्मी कहानी लग सकती है, लेकिन भारत के जाने-माने बिजनेसमैन और CRED के फाउंडर कुनाल शाह के साथ ऐसा ही हुआ था। एक वॉट्सऐप मैसेज आया, कुछ लाइनें पढ़ीं और अगले ही मिनट लाखों रुपए का चेक मंजूर कर दिया गया। जिस वॉट्सऐप पर चैट करके उन्होंने भारत की कई बड़ी कंपनियों की किस्मत बदली, आज वे खुद दुनिया के सबसे बड़े मैसेजिंग प्लेटफॉर्म वॉट्सऐप की कमान संभालने जा रहे हैं। मेटा (Meta) ने कुणाल शाह को वॉट्सऐप का नया ग्लोबल हेड (Global Head) नियुक्त किया है। आइए जानते हैं 17 लाख के उस एक मैसेज से लेकर वॉट्सऐप का ग्लोबल बॉस बनने तक की दिलचस्प कहानी...

सिर्फ 1 मिनट में करीब 17 लाख रुपए
साल 2021 की एक दोपहर की बात है। घड़ी में दोपहर के 3 बजकर 20 मिनट हुए थे। कुणाल शाह को वॉट्सऐप पर एक छोटा सा मैसेज भेजा। मैसेज में एक नए स्टार्टअप का जिक्र था, जो बिजनेस शुरू करने के लिए पैसे जुटा रहा था। कुणाल ने उस कंपनी का नाम पहले कभी नहीं सुना था। ठीक एक मिनट बाद, यानी 3 बजकर 21 मिनट पर कुणाल का रिप्लाई आता है, 'I'm in' यानी मैं पैसे लगाने के लिए तैयार हूं। सिर्फ 60 सेकंड के अंदर डील पक्की हो गई और कुणाल शाह ने उस अनजान कंपनी को पूरे 20,000 डॉलर यानी करीब 17 लाख रुपए का चेक थमा दिया। जहां बड़ी-बड़ी कंपनियां किसी स्टार्टअप में पैसा लगाने से पहले हफ्तों तक मीटिंग करती हैं, कागजात खंगालती हैं, वहीं कुणाल शाह सिर्फ वॉट्सऐप चैट पर लाखों-करोड़ों के फैसले ले रहे थे।
249 कंपनियों में पैसा और 11 यूनिकॉर्न
कुणाल शाह का बिजनेस करने और दूसरों की मदद करने का तरीका हमेशा से सबसे अलग रहा है। साल 2021 से लेकर जून 2026 के बीच उन्होंने भारत के करीब 249 छोटे-बड़े स्टार्टअप्स में अपने पैसे लगाए। सबसे मजेदार बात यह है कि उनके पोर्टफोलियो की कम से कम 11 कंपनियां आज यूनिकॉर्न बन चुकी हैं, इनमें से कुछ बड़े नाम Razorpay (ऑनलाइन पेमेंट ऐप), BigBasket (ऑनलाइन राशन डिलीवरी), Shiprocket और Udaan, Unacademy (पढ़ाई का प्लेटफॉर्म), Spinny और Slice हैं।
2 साल में ही 175 कंपनियों में लगाए पैसे
जब कोरोना के समय साल 2021-22 में स्टार्टअप का दौर चरम पर था, तब कुणाल ने अकेले उन दो सालों में 175 कंपनियों को चेक बांटे थे। हालांकि पिछले दो सालों (2025-2026) में बाजार थोड़ा धीमा होने के कारण उन्होंने सिर्फ 21 कंपनियों में ही इन्वेस्ट किया, लेकिन तब तक वे भारत के सबसे बड़े 'एंजेल इन्वेस्टर' (शुरुआती दौर में पैसा लगाने वाले) बन चुके थे।
फेसबुक-मेटा फाउंडर मार्क जुकरबर्ग ने कुणाल शाह को क्यों चुना?
वॉट्सऐप के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर क्रिस कॉक्स और कुणाल शाह के बीच काफी समय से बातचीत चल रही थी। कुणाल हमेशा से मानते रहे हैं कि वॉट्सऐप सिर्फ गप्पें मारने या 'गुड मॉर्निंग' के मैसेज भेजने के लिए नहीं है। उनका विजन है कि भविष्य में वॉट्सऐप ही वो जरिया बनेगा जिससे लोग हर छोटी-बड़ी चीज खरीदेंगे, पेमेंट करेंगे और लोन तक लेंगे। मेटा कंपनी कुणाल के इस आइडिया से इतनी प्रभावित हुई कि उन्होंने पहले उनकी कंपनी CRED को खरीदने या उसमें पैसा लगाने का मन बनाया, लेकिन आखिर में तय हुआ कि क्यों न कुणाल शाह को ही वॉट्सऐप का ग्लोबल बॉस बना दिया जाए!
अब आम यूजर्स के लिए क्या बदलेगा?
कुणाल शाह के पास FreeCharge और CRED जैसी बड़ी पेमेंट कंपनियां बनाने का तगड़ा अनुभव है। वे बखूबी जानते हैं कि भारत के आम लोग पैसों के लेन-देन में किस चीज पर भरोसा करते हैं। उनके आने से आने वाले दिनों में वॉट्सऐप में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
- आसान वॉट्सऐप पेमेंट हो सकता है। ठीक उस तरह जैसे आप दोस्तों को फोटो भेजते हैं, वैसे ही पैसे भेजना और आसान हो जाएगा।
- छोटी दुकान से लेकर बड़े ब्रांड्स तक, आप सीधे चैट के जरिए ऑर्डर बुक कर पाएंगे।
- लोन, इंश्योरेंस या क्रेडिट स्कोर जैसी चीजें सीधे ऐप के अंदर मिल सकती हैं।


