64 year Old Man Viral Story: 64 की उम्र में MTech पूरा कर टॉप-10 में जगह बनाने वाले अधिकारी की प्रेरणादायक कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। नौकरी, 1000 KM साप्ताहिक सफर के बीच अब उनका लक्ष्य IIM Lucknow में एडमिशन लेना है। जानिए
64 Year Old Man Completes MTech: 64 साल की उम्र में जब ज्यादातर लोग रिटायरमेंट के बाद सुकून भरी जिंदगी की ओर बढ़ते हैं, उत्तर प्रदेश के एक अधिकारी ने पढ़ाई को अपनी अगली मंजिल बना लिया। नौकरी, लगातार सफर और जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने MTech पूरा किया और अपनी क्लास के टॉप 10 छात्रों में जगह बनाई। खास बात यह है कि उनकी क्लास में ज्यादातर छात्र उनसे करीब आधी उम्र के थे।
रिटायरमेंट के बाद भी नहीं रुकी सीखने की चाह
इस प्रेरक कहानी को उनके बेटे शशांक श्रीवास्तव ने X पर शेयर किया है। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने पिछले महीने MTech की पढ़ाई पूरी की है। 64 साल की उम्र में यह उपलब्धि हासिल करना इसलिए भी खास है क्योंकि पढ़ाई के साथ वे पूरी तरह एक्टिव नौकरी भी कर रहे थे। शशांक के मुताबिक, उनके पिता 2022 में रिटायर हुए थे। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश में नगर निकायों से जुड़े नियामक निकाय में Deputy CEO की जिम्मेदारी संभाली। इस काम के तहत उन्हें हर सप्ताह सड़क मार्ग से करीब 1,000 किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है। वह अलग-अलग जिलों में जाकर कामकाज का जमीनी स्तर पर मूल्यांकन करते हैं।
सफर के बीच पढ़ाई, परीक्षा में शानदार प्रदर्शन
इतने व्यस्त शेड्यूल के बावजूद उन्होंने पढ़ाई को पीछे नहीं छोड़ा। लंबे सफर के बीच समय निकालकर नोट्स तैयार करना, पढ़ाई करना और परीक्षाओं की तैयारी करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा रहा। शशांक ने अपनी पोस्ट में इसी बात को सबसे खास बताया कि उनके पिता ने उम्र या व्यस्तता को सीखने की राह में बाधा नहीं बनने दिया। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि करियर और उम्र के किसी भी पड़ाव पर नई स्किल सीखने की शुरुआत की जा सकती है।
ये भी पढ़ें- रिया अहीर: ‘वायरल बस गर्ल’ से नए विवाद तक, जानिए पढ़ाई, मॉडलिंग और परिवार की पूरी कहानी
MTech के बाद अब IIM Lucknow का लक्ष्य
दिलचस्प बात यह है कि MTech पूरा करना उनके लिए अंतिम पड़ाव नहीं है। शशांक के अनुसार, उनके पिता अब IIM Lucknow के एग्जीक्यूटिव एजुकेशन प्रोग्राम में एडमिशन की तैयारी कर रहे हैं। बेटे ने लिखा कि जिस उम्र में आमतौर पर लोग नए लक्ष्य तय करने से ज्यादा अपनी उपलब्धियों को पीछे मुड़कर देखते हैं, उस उम्र में उनके पिता नए कोर्स के लिए आवेदन कर रहे हैं। नीचे देखें वायरल पोस्ट-
ये भी पढ़ें- बेटी की स्कूल फीस 14 लाख रु.! मां ने वीडियो में बताया पूरा हिसाब, सुनकर उड़ जाएंगे होश
सोशल मीडिया पर लोगों ने बताया प्रेरणादायक
X पर इस कहानी को लोगों ने खूब सराहा। कई यूजर्स ने इसे अपनी पढ़ाई और करियर से जोड़ते हुए बताया कि यह उपलब्धि उन्हें दोबारा सीखने के लिए प्रेरित करती है। एक यूजर ने शेयर किया कि 50 की उम्र में उन्होंने भी कंप्यूटर साइंस में पढ़ाई शुरू की है, लेकिन बिजनेस के कारण समय निकालना चुनौती बन रहा है। कई लोगों ने 64 वर्षीय छात्र की लगन को मिसाल बताया। इस कहानी का सबसे बड़ा सबक यही है कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती और खुद को अपडेट रखने की इच्छा ही असली ताकत है।
