त्योहारी सीजन में 2.5-2.7 लाख अस्थायी नौकरियां आएंगी, जो पिछले साल से 15-20% ज़्यादा हैं। ई-कॉमर्स व लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में वेतन वृद्धि के साथ मौके मिलेंगे। करीब 25% कर्मचारियों को पक्की नौकरी भी मिल सकती है।
देश में त्योहारों का मौसम फिर से आ गया है। इस बार जश्न के साथ-साथ नौकरी ढूंढ रहे लोगों के लिए भी एक बड़ी खुशखबरी है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, इस फेस्टिव सीजन में देश में 2.5 लाख से 2.7 लाख तक अस्थायी नौकरियां (temporary jobs) पैदा होंगी। ये मौके ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स, क्विक कॉमर्स, रिटेल और बैंकिंग-फाइनेंस जैसे सेक्टर में मिलेंगे। यह रिपोर्ट मशहूर टैलेंट कंपनी Adecco India ने जारी की है। रिपोर्ट में बताया गया है कि पिछले साल फेस्टिव सीजन में 2.16 लाख लोगों को नौकरी मिली थी, जबकि इस साल इसमें 15 से 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
सैलरी बढ़ेगी, कई भाषा जानने वालों की डिमांड
नौकरियों के साथ-साथ इस फेस्टिव सीजन में सैलरी में भी बढ़ोतरी होगी। मेट्रो शहरों में 12-15% तक और दूसरे शहरों में 8-10% तक सैलरी बढ़ने की उम्मीद है। इस बार नई तरह की नौकरियों के बजाय, पहले से मौजूद सेल्स, कस्टमर सपोर्ट, फील्ड सेल्स, डिलीवरी और मैन्युफैक्चरिंग ऑपरेटर जैसे पदों पर ज़्यादा लोगों की ज़रूरत होगी। जिन लोगों को हिंदी, अंग्रेज़ी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मराठी जैसी कई भाषाएं आती हैं, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। डिजिटल जानकारी रखने वालों को भी फ़ायदा मिलेगा। जल्दी सीखने की क्षमता और अच्छी कम्युनिकेशन स्किल्स इस बार नौकरी पाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
पक्की नौकरी का भी मौका!
हालांकि, कंपनियों के सामने एक चुनौती भी है। उन्हें शिकायत है कि बाज़ार में नौकरियां तो बहुत हैं, लेकिन अच्छे उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। करीब 80% कंपनियां इस समस्या का सामना कर रही हैं। लेकिन जिन्हें नौकरी मिलेगी, उनके लिए एक और अच्छी खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक, फेस्टिव सीजन में अस्थायी तौर पर काम शुरू करने वाले 25% लोगों को भविष्य में स्थायी नौकरी भी मिल सकती है। Adecco India ने यह रिपोर्ट अपने 100 से ज़्यादा क्लाइंट्स से मिले डेटा और भरोसेमंद मार्केट रिसर्च के आधार पर तैयार की है।
