पेपर लीक रोकने हेतु, NEET-UG री-एग्जाम के प्रश्नपत्र वायुसेना के Mi-17 हेलिकॉप्टर व अन्य विमानों से 18 एयर फोर्स स्टेशनों पर पहुंचाए जाएंगे। यह कदम पिछली गड़बड़ियों के बाद निष्पक्ष व पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए है।
नई दिल्लीः 21 जून को होने वाली NEET-UG 2026 मेडिकल प्रवेश परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों को भारतीय वायुसेना का Mi-17 हेलिकॉप्टर देश भर के 18 एयर फोर्स स्टेशनों तक पहुंचाएगा। एक टॉप रक्षा अधिकारी ने बताया कि इन एयर फोर्स स्टेशनों से, प्रश्नपत्रों को पूरी सुरक्षा के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।

अधिकारी ने यह भी बताया कि Mi-17 के अलावा, इस री-एग्जाम के लिए देश भर में प्रश्नपत्रों को सुरक्षित पहुंचाने के लिए दूसरे मिलिट्री एयरक्राफ्ट भी तैनात किए जाएंगे।उन्होंने कहा, "इसका मकसद यह पक्का करना है कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह का पेपर लीक या सुरक्षा में कोई चूक न हो।"
सुरक्षा का यह कड़ा बंदोबस्त पिछली परीक्षा में सामने आई गड़बड़ियों और पेपर लीक विवाद के बाद किया गया है। इसी के तहत, प्रश्नपत्रों को लाने-ले जाने के लिए दूसरे सैन्य संसाधनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारी ने आगे कहा कि केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियां इस बार NEET-UG री-एग्जाम को पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए हर मुमकिन कदम उठा रही हैं।
