कनाडा में एक भारतीय ने वायरल वीडियो में बताया कि कैसे पेड़ की टहनियां काटने वाले ने एक घंटे के 700 डॉलर (₹43,000) लिए। यह दिखाता है कि कनाडा में हुनर वाले शारीरिक श्रम से अच्छी कमाई की जा सकती है।

कनाडा में एक घंटे पेड़ कटवाने का कितना खर्चा आ सकता है? शायद आप यकीन न करें, लेकिन इसके लिए आपको हज़ारों रुपये देने पड़ सकते हैं। जी हां, इसी बारे में बताते हुए एक भारतीय लड़के विक्रम का इंस्टाग्राम वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। विक्रम ने बताया कि कैसे उनके घर पर पेड़ की टहनियां काटने आए एक शख्स ने सिर्फ एक घंटे के काम के 700 कैनेडियन डॉलर यानी करीब 43,000 रुपये ले लिए। उनका कहना है कि अगर आपके पास हुनर और सही उपकरण हैं, तो ऐसे कामों से अच्छी-खासी कमाई की जा सकती है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

विक्रम ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'कौन कहता है कि कनाडा में पैसा नहीं है? इस आदमी ने मेरे घर के पेड़ की टहनियां काटने के लिए सिर्फ एक घंटे में 700 डॉलर चार्ज किए। मैं यह नहीं कह रहा कि यह काम छोटा या आसान है। गर्मियों में उसके पास हर दिन की बुकिंग है, एक भी दिन खाली नहीं। सर्दियों में वह बर्फ़ हटाने (स्नो क्लीनिंग) का काम करता है। जब मैंने हिसाब लगाया कि वह एक महीने में कितना कमाता है, तो मेरा तो दिमाग ही घूम गया।'

View post on Instagram

विक्रम यह भी मानते हैं कि इस तरह के कामों में सिर्फ़ शारीरिक मेहनत नहीं लगती, बल्कि इसके लिए अच्छी-खासी ट्रेनिंग और महंगे औज़ारों की भी ज़रूरत होती है। विक्रम कहते हैं कि जो लोग कनाडा में पैसा न कमा पाने की शिकायत करते हैं, उन्हें यहां घास काटने वालों, बर्फ़ साफ़ करने वालों और पेड़ काटने वालों की कमाई का पता करना चाहिए। इस वीडियो पर कई लोगों ने कमेंट्स किए हैं। ज़्यादातर लोगों का मानना है कि कनाडा में हुनर की सही कीमत मिलती है। वहीं, कुछ लोगों ने ऐसे कामों में होने वाले खतरों (रिस्क) की तरफ भी ध्यान दिलाया है।