Indira Gandhi Birth Anniversary 2026: क्या आप जानते हैं इंदिरा गांधी का पूरा नाम क्या था और शादी से पहले उन्हें किस नाम से जाना जाता था? जानिए भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री के नाम, परिवार और राजनीतिक सफर से जुड़ी खास बातें।
Indira Gandhi Full Name: देश की राजनीति में कुछ नाम ऐसे हैं, जिनका जिक्र आज भी खास अहमियत रखता है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी उन्हीं में से एक हैं। 19 नवंबर को उनकी जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर पूर्व प्रधानमंत्री को याद किया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इंदिरा गांधी का पूरा नाम क्या था और शादी से पहले उन्हें किस नाम से जाना जाता था? आइए जानते हैं उनके नाम से लेकर राजनीतिक सफर तक की खास बातें।
क्या था इंदिरा गांधी का असली और पूरा नाम?
इंदिरा गांधी का पूरा नाम इंदिरा प्रियदर्शिनी गांधी था। उनका जन्म 19 नवंबर 1917 को इलाहाबाद (अब प्रयागराज), उत्तर प्रदेश में हुआ था। शादी से पहले उनका नाम इंदिरा प्रियदर्शिनी नेहरू था। वह देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की बेटी थीं। उनके पिता की राजनीतिक विरासत और आजादी के आंदोलन के माहौल ने उनके शुरुआती जीवन को काफी प्रभावित किया।
इंदिरा गांधी कब बनी थीं देश की पहली महिला प्रधानमंत्री?
इंदिरा गांधी ने 24 जनवरी 1966 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। वह भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं। उनका पहला कार्यकाल 1966 से 1977 तक चला। इसके बाद 1980 में वह एक बार फिर सत्ता में लौटीं और 31 अक्टूबर 1984 तक प्रधानमंत्री रहीं। इसी दिन उनकी हत्या कर दी गई थी।
इंदिरा गांधी ने कितने साल तक संभाली देश की कमान?
इंदिरा गांधी ने दो अलग-अलग कार्यकाल में करीब 15 साल 11 महीने तक प्रधानमंत्री के रूप में देश की जिम्मेदारी संभाली। उनके राजनीतिक जीवन में कई बड़े फैसले और ऐतिहासिक घटनाएं शामिल रहीं। 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध और बांग्लादेश के गठन के दौरान भी वह देश की प्रधानमंत्री थीं।
NAM की अध्यक्ष भी बनी थीं इंदिरा गांधी
इंदिरा गांधी का प्रभाव सिर्फ भारत की राजनीति तक सीमित नहीं था। वह 1983 से 1984 तक गुटनिरपेक्ष आंदोलन (NAM) की अध्यक्ष रहीं। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की भूमिका को मजबूत करने में भी उनका अहम योगदान रहा।
नेहरू से राजीव गांधी तक जुड़ा रहा राजनीतिक परिवार
इंदिरा गांधी का परिवार भारतीय राजनीति में लंबे समय तक प्रभावशाली रहा। उनके पिता जवाहरलाल नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री थे, जबकि उनके बेटे राजीव गांधी ने भी 1984 में प्रधानमंत्री पद संभाला। इस तरह एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों ने देश के प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी निभाई।












