NEET PG Exam City SMS: NEET-PG 2026 के कई उम्मीदवारों को गलत एग्जाम सिटी वाला SMS मिला, जिससे वे परेशान हो गए। बाद में नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस (NBEMS) ने तकनीकी गड़बड़ी की बात मानते हुए छात्रों को सही जानकारी के लिए ऑफिशियल पोर्टल देखने को कहा है।
NEET PG 2026 Exam City: NEET-PG 2026 की परीक्षा की तैयारी कर रहे कई उम्मीदवार उस वक्त परेशान हो गए, जब उनके मोबाइल पर एग्जाम सिटी से जुड़ा गलत SMS पहुंच गया। मैसेज में परीक्षा की सिटी की जानकारी गलत दी गई थी, जिसके बाद उम्मीदवारों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। खासतौर पर दूसरे शहरों में रहने वाले छात्रों की चिंता बढ़ गई, क्योंकि परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए यात्रा और ठहरने की योजना बनाना जरूरी होता है।
सबसे अहम बात यह है कि यह SMS किसी अनजान स्रोत से नहीं, बल्कि नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) की ओर से भेजा गया था। यही वजह रही कि उम्मीदवारों ने मैसेज को गंभीरता से लिया और कई छात्रों ने सोशल मीडिया समेत दूसरे प्लेटफॉर्म पर अपनी परेशानी साझा की।
NBEMS ने मानी तकनीकी गलती
उम्मीदवारों की शिकायतें सामने आने के बाद NBEMS ने इस मामले पर आधिकारिक नोटिस जारी किया। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों को गलत एग्जाम सिटी वाला SMS भेजा गया था और इसके पीछे तकनीकी गड़बड़ी थी।
NBEMS ने उम्मीदवारों को सलाह दी कि वे गलत जानकारी वाले SMS को नजरअंदाज करें। बोर्ड के मुताबिक, उस मैसेज में दी गई एग्जाम सिटी की जानकारी मान्य नहीं है और उम्मीदवारों को उसके आधार पर अपनी यात्रा या ठहरने की योजना नहीं बनानी चाहिए।
सही एग्जाम सिटी कहां से चेक करें?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि उम्मीदवार अपनी सही परीक्षा सिटी की जानकारी कहां देखें। NBEMS ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को अपने एप्लीकेंट पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी को ही सही और अंतिम मानना चाहिए।
यानी अगर SMS और एप्लीकेंट पोर्टल की जानकारी में अंतर है, तो उम्मीदवारों को SMS के बजाय पोर्टल पर दी गई जानकारी पर भरोसा करना होगा। बोर्ड की इस सफाई के बाद उन उम्मीदवारों को राहत मिली है, जो गलत शहर की जानकारी मिलने के बाद अपनी परीक्षा को लेकर चिंतित थे।
उम्मीदवार ध्यान रखें
NEET-PG 2026 उम्मीदवारों के लिए जरूरी है कि वे परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल NBEMS के आधिकारिक पोर्टल और नोटिस पर भरोसा करें। किसी SMS या सोशल मीडिया पोस्ट के आधार पर यात्रा की योजना बनाने से पहले आधिकारिक पोर्टल पर जानकारी जरूर जांच लें।
