छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में तेंदुए का शिकार करने और उसके पंजों को काटने के आरोप में वन विभाग ने तीन ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है। 

धमतरी(Chattisgarh). छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में तेंदुए का शिकार करने और उसके पंजों को काटने के आरोप में वन विभाग ने तीन ग्रामीणों को गिरफ्तार किया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

धमतरी के वन मंडल अधिकारी अमिताभ वाजपेयी ने गुरुवार को यहां बताया कि जिले के बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र के बटनहर्रा गांव के तालाब में तेंदुए का शव मिला था। इस घटना के संबंध में तीन ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है।

वाजपेयी ने बताया कि मंगलवार को नगरी ब्लॉक के बटनहर्रा गांव के तालाब में ग्रामीणों ने लगभग चार वर्षीय तेंदुए के शव को तैरते देखा था। उन्होंने इसकी जानकारी वन विभाग को दी थी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग के दल ने तेंदुए के शव को तालाब से बाहर निकाला। तेंदुए के आगे के दोनों पैर के पंजे कटे हुए थे, और उसका दांत भी निकाला गया था।

वाजपेयी ने बताया कि वन विभाग ने इस मामले की छानबीन की और क्षेत्र के बटनहर्रा और फरसापानी गांव के तीन ग्रामीणों पंचम, दीनदयाल और सुदामा को गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

एक आरोपी अब भी फरार
उन्होंने बताया कि इस मामले का एक अन्य आरोपी फरार है। आरोपी की खोज की जा रही है। वन विभाग को जानकारी मिली है कि आरोपियों ने तेंदुए का शिकार करने के बाद उसके पंजे को कुल्हाड़ी से काट दिया था। वन विभाग मामले की जांच कर रहा है।

[यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है]