मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कोरिया जिले के झुमका पर्यटन स्थल में 27 लाख रुपये की लागत से बने 500 सीटों वाले ओपन थिएटर का लोकार्पण किया। उन्होंने झुमका जलाशय में शिकारा बोटिंग कर पर्यटन सुविधाओं का निरीक्षण किया और पर्यटन विकास पर जोर दिया।

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कोरिया जिले के प्रवास के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बैकुंठपुर स्थित प्रसिद्ध झुमका पर्यटन स्थल में निर्मित ओपन थिएटर का विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने झुमका जलाशय का भ्रमण किया और वहां विकसित की गई पर्यटन सुविधाओं का अवलोकन किया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

झुमका जलाशय में शिकारा बोटिंग, प्राकृतिक सौंदर्य का लिया आनंद

मुख्यमंत्री श्री साय ने झुमका जलाशय में शिकारा पर सवार होकर नौका विहार किया। चारों ओर फैली हरियाली, शांत जलराशि और कमल के फूलों से सजा यह रमणीय स्थल पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने बोटिंग, वाटर स्पोर्ट्स और अन्य विकसित पर्यटन गतिविधियों की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं की सराहना की। झुमका जलाशय अब एक प्रमुख पिकनिक स्पॉट के रूप में तेजी से उभर रहा है।

27 लाख रुपये की लागत से बना 500 सीटों वाला ओपन थिएटर

मुख्यमंत्री ने लगभग 27 लाख रुपये की लागत से निर्मित ओपन थिएटर का लोकार्पण किया। 500 दर्शकों की बैठक क्षमता वाला यह ओपन थिएटर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय आयोजनों के लिए नया केंद्र बनेगा। इससे क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी।

छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि झुमका जलाशय केवल कोरिया जिले की पहचान नहीं है, बल्कि यह पूरे छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पर्यटन स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल किया जा सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटकों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही स्थानीय युवाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री और अधिकारी

इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक श्री भैयालाल राजवाड़े, संभागायुक्त श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक झा, कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुमार कुर्रे सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।