भाजपा की दिल्ली इकाई ने हालिया विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार की समीक्षा के लिये शुक्रवार को सिलसिलेवार बैठकें कीं

नई दिल्ली: भाजपा की दिल्ली इकाई ने हालिया विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार की समीक्षा के लिये शुक्रवार को सिलसिलेवार बैठकें कीं। पार्टी नेताओं ने यह जानकारी दी। बैठकों में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, राष्ट्रीय महासचिवों अरुण सिंह और अनिल जैन और दिल्ली इकाई के संगठन सचिव सिद्धार्थन ने शिरकत की। बैठकें देर शाम तक चल सकती हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बैठकों में पार्टी उम्मीदवारों, पार्षदों और स्थानीय नेताओं ने भी शिरकत की। पार्टी सूत्रों ने कहा कि बैठकों के दौरान मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार पार्टी आम आदमी पार्टी सरकार की मुफ्त योजनाओं और शाहीन बाग में सीएए विरोधी प्रदर्शन के मुद्दों को सही ढंग संभाल नहीं पाई।

भाजपा के खाते में केवल आठ सीटें आईं

इससे पहले मनोज तिवारी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और महासचिव (संगठन) बी एल संतोष ने बृहस्पतिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर दो घंटे से भी ज्यादा समय तक चर्चा की थी।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 70 में से 62 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं भाजपा के खाते में केवल आठ सीटें आईं। आम आदमी पार्टी से पहले दिल्ली में 15 साल तक शासन करने वाली कांग्रेस इन चुनावों में खाता भी नहीं खोल सकी।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)