दिल्ली में आठ फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले रानजीतिक दलों के कई नेताओं ने आखिरी रविवार का अपने उम्मीदवारों के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए भरपूर इस्तेमाल किया और रैलियां एवं जनसभाएं कीं 

नई दिल्ली: दिल्ली में आठ फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले रानजीतिक दलों के कई नेताओं ने आखिरी रविवार का अपने उम्मीदवारों के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए भरपूर इस्तेमाल किया और रैलियां एवं जनसभाएं कीं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

भाजपा ने विशाल संपर्क अभियान चलाया और पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत उसके अन्य शीर्ष नेताओं ने सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी आम आदमी पार्टी के पक्ष में विश्वासनगर, लक्ष्मी नगर और रिठाला में जनसभाएं कीं और किराड़ी एवं मुंडका में रोडशो किया।

पार्टी के 85 चुनाव कार्यालय गई भाजपा

प्रचार के बाद भाजपा नेता चुनाव की तैयारियों की समीक्षा एवं पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा करने के लिए पार्टी के 85 चुनाव कार्यालय गये। शाह और नड्डा ने संशोधित नागरिकता कानून को लेकर शाहीन बाग में हो रहे प्रदर्शन पर आप और कांग्रेस को निशाना बनाया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली और करोल बाग में आप पर तुष्टिकरण एवं ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने रोहिणी, महरौली, आर के पुरम, कस्तूरबा नगर में प्रचार किया। उन्होंने कहा कि बदलाव के लिए राजनीति में आने वाले केजरीवाल राष्ट्रविरोधी तत्वों का समर्थन कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाहीन बाग में प्रदर्शन को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी दिल्ली में

बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू प्रमुख नीतीश कुमार ने केजरीवाल पर प्रहार किया और कहा कि कुछ लोगों को काम के बजाय प्रचार में अधिक रूचि है। लोकजनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान में संगम विहार में प्रचार किया। भाजपा, जदयू और लोजपा के साथ मिलकर दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ रही है।

कांग्रेस ने रविवार को चुनाव घोषणापत्र जारी किया। उसने प्रति माह 5000-7500 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने और दिल्ली में सत्ता में आने पर विवादास्पद संशोधित नागरिकता कानून को उच्चतम न्यायालय में चुनौती देने का वादा किया। राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी पालम में अपनी पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार किया।

अमित शाह ने दिल्ली कैंट विधानसभा क्षेत्र में जन संपर्क किया, जबकि नड्डा ने ग्रेटर कैलाश में प्रचार किया। केंद्रीय मंत्री और दिल्ली विधानसभा के पार्टी (भाजपा) चुनाव प्रभारी प्रकाश जावडेकर, दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी, केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने भी पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया।