Gujarat Assembly Election 2022: भाजपा ने शनिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग गुजरात विधानसभा चुनाव में इस पार्टी को लोकतांत्रिक तरीके से खत्म करने के लिए भगवान कृष्ण की तरह सुदर्शन चक्र उठाएंगे।

गांधीनगर। Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के लिए प्रचार अभियान खत्म होने से ठीक पहले भाजपा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पार्टी ने शनिवार, 3 दिसंबर को कांग्रेस और इसके नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्दों और अपमानजनक टिप्पणियों का इस्तेमाल करना इनके लिए नया नहीं है। ये सामान्य रूप से हमेशा से ऐसा करते रहे हैं। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी हमेशा से प्रधानमंत्री को राक्षसों के अलग-अलग नामों से संबोधित करती रही है। कर्नाटक में कांग्रेस के नेता वीएस उगरप्पा ने मोदी को भस्मासुर कह दिया था। इसके बाद कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तो प्रधानमंत्री के लिए रावण शब्द का इस्तेमाल कर दिया। बता दें कि भस्मासुर भी राक्षस था और रावण भी। 

कांग्रेस अब एक अपमानजनक पार्टी बन गई है 
शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में बोलते हुए पात्रा ने कहा कि जहां तक कांग्रेस का संबंध है तो यह अब एक सामान्य हालात बन चुके हैं। कांग्रेस अब एक अपमानजनक पार्टी बन गई है। पात्रा ने अमरीकी राष्ट्रपति जो बिडेन की दोस्ती का हवाला देते हुए कहा कि वह ऐसे दोस्त हैं, जो मोदी के साथ खड़े हैं, क्योंकि भारत ने जी-20 की अध्यक्षता संभाली। एक तरफ तो दुनिया प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ी है और दूसरी तरफ कांग्रेस जैसा विपक्षी दल उनके लिए ऐसी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रही है। 

भगवान कृष्ण की तरह सुदर्शन चक्र उठाएगी जनता 
संबित पात्रा ने कहा कि यह न सिर्फ दुखद बल्कि, चिंताजनक भी है। पात्रा ने महाभारत का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी को 100 गालियां दी हैं, अपशब्द कहे हैं। ऐसे में लोग गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को लोकतांत्रिक तरीके से खत्म करने के लिए भगवान कृष्ण की तरह सुदर्शन चक्र उठाएंगे। पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश और जनता के लिए कई कल्याणकारी कदम उठाए हैं, ऐसे में वैसा व्यक्ति भस्मासुर तो नहीं ही हो सकता।