लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान ने कहा, ‘‘हमारे सभी उम्मीदवार विजयी होंगे। हमने एकजुट होकर अभियान चलाया है और लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है।’’

नई दिल्ली. केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने शुक्रवार को कहा कि सत्तारूढ़ राजग बिहार में आगामी लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव की सभी सीटों पर जीत हासिल करेगा। बता दें, पांच विधानसभा सीटों और समस्तीपुर लोकसभा सीट के लिए क्षेत्रों में मतदान 21 अक्टूबर को होगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बंटा हुआ है महागठबंधन 
लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान ने कहा, ‘‘हमारे सभी उम्मीदवार विजयी होंगे। हमने एकजुट होकर अभियान चलाया है और लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है।’’पासवान ने कहा कि भाजपा हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में भारी जीत हासिल कर एक बार फिर से दोनों प्रदेशों में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्षी ‘महागठबंधन’ बंटा हुआ है और लोगों का भरोसा गंवा चुका है।

चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है जदयू 
राजग के तीनों दल- भाजपा, जद(यू) और लोजपा चुनाव में उतरी हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जद(यू) चार विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहीं भाजपा और लोजपा ने क्रमश: एक विधानसभा और लोकसभा सीट पर अपना उम्मीदवार खड़ा किया है।

रामविलास पासवान के छोटे भाई रामचंद्र पासवान के निधन के बाद समस्तीपुर लोकसभा सीट खाली हो गई, जिसके चलते इस सीट पर उपचुनाव कराना पड़ रहा है। लोजपा ने इस सीट से दिवंगत रामचंद्र पासवान के बेटे प्रिंस राज को मैदान में उतारा है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)