भगवंत मान ने कहा कि वे भगत सिंह के पैतृक गांव नवांशहर के खटकर कलां में सीएम पद की शपथ लेंगे। उन्होंने कहा कि वे जल्द राज्यपाल से मिलने का समय लेंगे।

नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल की है। शुक्रवार को आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान नई दिल्ली पहुंचे और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के घर पहुंचे। यहां उन्होंने केजरीवाल और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से मुलाकात की। इस दौरान मान भावुक नजर आए। उन्होंने देखते ही पहले केजरीवाल के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। फिर गले लग गए। दोनों काफी देर तक गले लगे रहे। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बाद में मान ने मनीष सिसोदिया का भी झुककर अभिभावन किया और गले लगे। तीनों नेताओं के बीच काफी भावुक मुलाकात रही। मान के साथ पंजाब से अन्य नेता भी मौजूद थे। आप के पंजाब के सीएम उम्मीदवार भगवंत मान 16 मार्च को शपथ लेंगे। उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह के लिए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को आमंत्रित किया है। वह केजरीवाल के साथ 13 मार्च को अमृतसर में रोड शो करेंगे।

भगत सिंह के गांव में शपथ लेंगे मान
बताया जा रहा है कि भगवंत मान शनिवार को राज्यपाल से मिलकर पंजाब में सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। दिल्ली रवाना होने से पहले मान ने कहा कि वे भगत सिंह के पैतृक गांव नवांशहर के खटकर कलां में सीएम पद की शपथ लेंगे। उन्होंने कहा कि वे जल्द राज्यपाल से मिलने का समय लेंगे। इसके बाद शपथ ग्रहण समारोह का समय तय किया जाएगा।

पंजाब में आप ने 92 सीटें जीती हैं
बता दें कि पंजाब चुनाव के गुरुवार को नतीजे आए। जिसमें 117 सीटों में से आप को 92, कांग्रेस को 18, अकाली दल को 3, बीजेपी को 2 सीटें मिली हैं। आप ने सत्ता को सत्ता से बाहर कर दिया है। निर्वतमान सीएम चरणजीत सिंह चन्नी श्रीचमकौर साहिब और भदौड़ सीट से हार गए। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल, प्रकाश सिंह बादल, बिक्रमजीत सिंह मजीठिया और सोनू सूद की बहन मालविका सूद भी चुनाव हार गई हैं।

यह भी पढ़ें-पंजाब चुनाव में मायावती का हाल : 20 सीटों पर खड़े किए कैंडिडेट, सिर्फ एक ने बचाई पार्टी की साख..जानें वजह

आज विधायक दल की बैठक
आप ने पंजाब में भगवंत मान को सीएम फेस घोषित किया था। पार्टी ने शानदार जीत हासिल की है। आज पंजाब में विधायक दल की बैठक होनी है। इस बैठक में भगवंत मान को नेता चुना जाना तय है। उधर, पंजाब के मौजूदा सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को दे दिया है। मैं लोगों के जनादेश को स्वीकार करता हूं। मैं पंजाब के हित में लगातार काम करता रहूंगा। हम नई सरकार के साथ सहयोग करेंगे।

यह भी पढ़ें- पंजाब चुनाव में कांग्रेस की हार के 10 सबसे बड़े कारण, सिध्दू-चन्नी ने पार्टी को हराने लगा दी पूरी ताकत!