11 सितंबर को 9/11 हमले की 25वीं बरसी मनाई जा रही है। इस आतंकी घटना पर अब तक कई मूवी और ड्रॉक्यूमेंट्री बन चुकी है। इसमें एक शाहरुख खान की मूवी भी शामिल है। आइए बताते हैं, उन मूवी और ड्रॉक्यूमेंट्री के बारे में।
11 सितंबर 2001 की वो सुबह दुनिया कभी नहीं भूल सकती। अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टावर्स और पेंटागन पर हुए आतंकी हमलों ने सिर्फ अमेरिका को नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को हिला दिया था। इस हमले में करीब 3,000 लोगों की जान गई और इसके बाद वैश्विक राजनीति, सुरक्षा और आतंकवाद को देखने का नजरिया हमेशा के लिए बदल गया। आज 11 सितंबर 2026 को 9/11 हमले की 25वीं बरसी है। इस घटना को याद करने और नई पीढ़ी को उस दिन की भयावहता, लोगों के संघर्ष और उसके बाद बदली दुनिया को समझाने में फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री ने भी बड़ी भूमिका निभाई है। अगर आप 9/11 की पूरी कहानी को अलग-अलग नजरिए से समझना चाहते हैं, तो ये फिल्में और डॉक्यूमेंट्री आपके लिए खास हो सकती हैं।
United 93
'यूनाइटेड 92' (United 93) 2006 में रिलीज हुई फिल्म है, जिसका निर्देशन पॉल ग्रीनग्रास ने किया था। फिल्म 11 सितंबर 2001 को हाईजैक किए गए यूनाइटेड एयरलाइंस फ्लाइट 93 के यात्रियों की कहानी पर फोकस है। यह विमान अपने निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाया था। यात्रियों ने हाईजैकर्स के खिलाफ संघर्ष किया और विमान पेंसिल्वेनिया में क्रैश हो गया। फिल्म की खासियत यह है कि कहानी को बेहद वास्तविक और तनावपूर्ण अंदाज में दिखाया गया है।
World Trade Center
ओलिवर स्टोन की 'वर्ल्ड ट्रेड सेंटर' (World Trade Center 2006) की फिल्म है। इसमें 9/11 के दौरान वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के मलबे में फंसे लोगों और उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे पुलिस अधिकारियों की कहानी दिखाई गई है।
9/11: One Day in America
अगर आप फिल्म से ज्यादा वास्तविक घटनाओं को समझना चाहते हैं, तो '9/11:वन डे इन अमेरिका' (9/11: One Day in America) एक महत्वपूर्ण डॉक्यूमेंट्री सीरीज है। इसमें उस दिन की घटनाओं को आर्काइव फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों और सर्वाइवर्स की गवाही के जरिए सामने रखा गया है। यह सीरीज हमले के दौरान क्या हुआ, इसे घटनाक्रम के साथ समझने की कोशिश करती है।
9/11
2002 की डॉक्यूमेंट्री 9/11 को फ्रेंच फिल्ममेकर जूल्स और गेडियन नॉडेट और जेम्स हैनलॉन ने बनाया था। फिल्ममेकर्स उस समय न्यूयॉर्क के एक फायरहाउस में फायरफाइटर्स पर डॉक्यूमेंट्री बना रहे थे। इसी दौरान 9/11 का हमला हुआ और उनका कैमरा इतिहास की उस भयावह घटना का गवाह बन गया।
Zero Dark Thirty
'जीरो डार्क थर्टी' (Zero Dark Thirty) सीधे 9/11 हमले के दिन की कहानी नहीं है। यह उस लंबे ऑपरेशन पर फोकस करती है, जिसके जरिए अमेरिका ने ओसामा बिन लादेन तक पहुंचने की कोशिश की। कैथरीन बिगेलो के निर्देशन में बनी इस फिल्म में जेसिका चैस्टेन ने CIA एजेंट माया का किरदार निभाया है। कहानी 9/11 के बाद शुरू हुई उस खोज को दिखाती है, जिसका अंतिम लक्ष्य बिन लादेन को पकड़ना था।
The Looming Tower
The Looming Tower 2018 की मिनीसीरीज है। यह 9/11 से पहले बढ़ते अल-कायदा खतरे और अमेरिकी इंटेलिजेंस एजेंसियों के बीच मौजूद खींचतान पर ध्यान देती है। कहानी यह समझने की कोशिश करती है कि हमले से पहले खतरे के संकेत क्या थे और उन्हें लेकर अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के बीच किस तरह की चुनौतियां थीं।
Extremely Loud & Incredibly Close
यह फिल्म 9/11 की घटना को एक बच्चे की नजर से देखने की कोशिश करती है। कहानी एक ऐसे बच्चे के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने पिता को खोने के बाद उनके पीछे छोड़े एक रहस्य को सुलझाने निकलता है। फिल्म सीधे आतंकी हमले की घटनाओं को दोहराने के बजाय उसके बाद परिवार और खासकर एक बच्चे पर पड़े भावनात्मक असर को सामने लाती है।
Reign Over Me
Reign Over Me में 9/11 के बाद एक व्यक्ति के जीवन में आए गहरे बदलाव को दिखाया गया है। फिल्म का फोकस हमले की घटना से ज्यादा उस दर्द और अकेलेपन पर है, जो किसी करीबी को खोने के बाद इंसान के जीवन में रह जाता है।
और पढ़ें: ‘रणबीर कपूर, रणवीर सिंह और सिद्धार्थ मल्होत्रा को मैं नहीं जानता...’ अन्नू कपूर के बड़े बोल
Worth
2020 की फिल्म Worth 9/11 के बाद पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजा तय करने की प्रक्रिया पर आधारित है। इसकी कहानी बताती है कि इतने बड़े हादसे के बाद सिर्फ बचाव और राहत ही चुनौती नहीं थी, बल्कि पीड़ित परिवारों के नुकसान को समझना और उसका मूल्यांकन करना भी बेहद मुश्किल काम था।
MY Name Is Khan
शाहरुख खान की माय नेम इज खान (MY Name Is Khan) फिल्म सीधे आतंकी हमले की कहानी नहीं बताती। इसका फोकस इस बात पर है कि 9/11 जैसी बड़ी घटना का असर उन लोगों (मुस्लिम समुदाय) की जिंदगी पर भी पड़ा, जो हमले की जगह से हजारों किलोमीटर दूर थे।
और पढ़ें: 'मैं पठान हूं, गोली मारनी है तो मार दो', शाहरुख़ खान ने किसे दी थी खुली चेतावनी?
