फिल्म 3 इडियट्स के चतुर ने कहा था कि फिल्म में रैंचों का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित था। इस पर 17 साल बाद अब आमिर खान ने चुप्पी तोड़ते हुए सच बताया है।
आमिर खान ने लंबे समय से चली आ रही उस चर्चा को गलत बताया है, जिसमें कहा जाता रहा है कि साल 2009 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म '3 इडियट्स' का मशहूर किरदार फुंसुक वांगडू (रैंचो) लद्दाख के इनोवेटर और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक की लाइफ से इंस्पायर्ड था। एक सार्वजनिक कार्यक्रम में आमिर खान ने साफ शब्दों में कहा कि फिल्म की कहानी लिखे जाने के समय न तो उन्हें और न ही फिल्म के लेखकों को सोनम वांगचुक के बारे में कोई जानकारी थी। हालांकि, उन्होंने वांगचुक के शिक्षा सुधार के प्रयासों का समर्थन किया और उनकी भूख हड़ताल को लेकर चिंता भी जाहिर की।
'3 इडियट्स' लिखते समय सोनम वांगचुक के बारे में जानकारी नहीं थी
लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल (LIFF) में '3 इडियट्स' की स्क्रीनिंग के बाद आयोजित सवाल-जवाब सत्र में आमिर खान ने इस मुद्दे पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा, "लोगों के बीच यह गलतफहमी है कि '3 इडियट्स' सोनम वांगचुक की जिंदगी पर आधारित थी। यह पूरी तरह गलत है। जब फिल्म लिखी जा रही थी, तब हमें सोनम वांगचुक के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी नहीं जानता था।" आमिर ने यह भी कहा कि इसके बावजूद सोनम वांगचुक जो काम कर रहे हैं, वह बेहद सराहनीय है।
सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर जताई चिंता
आमिर खान ने कहा कि सोनम वांगचुक इस समय अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं और उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने कहा, “सोनम वांगचुक जिस उद्देश्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वह बिल्कुल सही है। लेकिन कई लोगों का मानना है कि अब उन्हें अपनी बिगड़ती सेहत को देखते हुए यह भूख हड़ताल समाप्त कर देनी चाहिए।” आमिर ने वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता जताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
ओमी वैद्य के वायरल वीडियो पर भी दिया जवाब
इस दौरान आमिर खान ने ओमी वैद्य के हाल ही में वायरल हुए वीडियो पर भी प्रतिक्रिया दी। ओमी वैद्य ने '3 इडियट्स' में चतुर रामलिंगम का किरदार निभाया था। वायरल वीडियो में ओमी वैद्य ने सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा था कि फिल्म का फुंसुक वांगडू वाला किरदार उन्हीं से प्रेरित था। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर आमिर खान से भी प्रतिक्रिया देने की मांग उठने लगी थी। अब आमिर खान ने इस दावे को गलत बताते हुए कहा, "वीडियो में चतुर यानी ओमी वैद्य ने जो बात कही, वह सही नहीं है।"
'सोनम वांगचुक को सम्मान के लिए फिल्म से जोड़ने की जरूरत नहीं'
आमिर खान ने कहा कि सोनम वांगचुक का काम इतना महत्वपूर्ण है कि उन्हें सम्मान देने के लिए किसी फिल्म या किरदार से जोड़ने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा, "सोनम वांगचुक अपने काम की वजह से सम्मान के हकदार हैं। उनकी उपलब्धियों को साबित करने के लिए यह कहना जरूरी नहीं कि वे '3 इडियट्स' के किसी किरदार की प्रेरणा थे।"
दो हफ्ते से ज्यादा समय से भूख हड़ताल पर हैं सोनम वांगचुक
सोनम वांगचुक इस समय दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनका यह विरोध प्रदर्शन दो सप्ताह से अधिक समय से जारी है। रिपोर्ट के अनुसार, यह आंदोलन बड़े पैमाने पर सामने आए NEET परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद शुरू हुआ। वांगचुक शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं ताकि छात्रों के भविष्य की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
लगातार गिर रही सेहत
जानकारी के मुताबिक, 59 वर्षीय सोनम वांगचुक की सेहत पर लंबे उपवास का असर साफ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि उनका वजन लगभग 8 से 9 किलोग्राम तक कम हो गया है। डॉक्टर उनके ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर लेवल में लगातार गिरावट को लेकर चिंता जता रहे हैं। उनके समर्थक भी लगातार उनकी सेहत को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। अपने बयान के अंत में आमिर खान ने उन कई लोगों की तरह अपील की कि सोनम वांगचुक अपनी सेहत को प्राथमिकता दें और अपनी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए भूख हड़ताल समाप्त करने पर विचार करें।


