आमिर खान उज्ज्वल निकम की भूमिका निभाने में दिलचस्पी रखते थे, लेकिन फिल्म बनने में 5 से 7 साल लगने की बात सामने आई। इसके बाद ‘प्रहार’ में राजकुमार राव को यह किरदार मिला।

आमिर खान अपनी फिल्मों में किरदारों को लेकर काफी सोच-विचार करते हैं। वह किसी भूमिका के लिए खुद को तैयार करने में लंबा समय भी लेते हैं। लेकिन इसी वजह से एक चर्चित फिल्म उनके हाथ से निकल गई। बात हो रही है ‘प्रहार’ (Prahaar: The Untold Story of Ujjwal Nikam) की, जिसमें राजकुमार राव ने सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका निभाई है। उज्ज्वल निकम के मुताबिक, आमिर खान इस फिल्म में काम करने को लेकर काफी दिलचस्पी दिखा रहे थे, लेकिन उनके साथ बात आगे नहीं बढ़ सकी।

आमिर खान ने क्यों छोड़ी फिल्म?

उज्ज्वल निकम ने हाल ही में बताया कि आमिर खान ने फिल्म में काम करने को लेकर काफी रुचि दिखाई थी। हालांकि, आमिर का मानना था कि फिल्म को तैयार होने में अभी पांच से सात साल और लग सकते हैं। मेकर्स इतने लंबे समय तक इंतजार करने के पक्ष में नहीं थे। इसी वजह से उन्होंने दूसरे अभिनेता के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया।

इसके बाद राजकुमार राव को उज्ज्वल निकम की भूमिका के लिए चुना गया। फिल्म में राजकुमार के अभिनय की तारीफ भी हो रही है। निकम ने खुद उनके काम की सराहना करते हुए कहा कि अभिनेता ने उनके बोलने के अंदाज, भावनाओं और अदालत में बहस करने के तरीके को अच्छी तरह पर्दे पर उतारा है।

और पढ़ें: Prahaar Movie Review: रोंगटे खड़े कर देगी 'प्रहार', जानिए क्यों देखें राजकुमार राव की यह फिल्म?

क्या है ‘प्रहार’ की कहानी?

‘प्रहार’ 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के बाद हुए अजमल कसाब के मुकदमे पर केंद्रित है। फिल्म में राजकुमार राव ने सरकारी वकील उज्ज्वल निकम का किरदार निभाया है। कहानी अदालत में चली कानूनी लड़ाई और कसाब को सजा दिलाने की प्रक्रिया को दिखाती है। उज्ज्वल निकम ने साफ किया है कि यह उनकी पूरी जिंदगी पर बनी पारंपरिक बायोपिक नहीं है। फिल्म का मुख्य फोकस कसाब के मुकदमे और उस दौरान सामने आई चुनौतियों पर है। इसका निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है और निर्माण मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले दिनेश विजान ने किया है। फिल्म में वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर और ललित प्रभाकर भी नजर आते हैं।

और पढ़ें: IIFA प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान खान का पारा हाई! 'पीछे का याद रख लेना' कहकर इन्हें लगाई फटकार