क्या TVK समर्थकों की कथित ट्रोलिंग ने एक्ट्रेस जूली की जिंदगी उजाड़ दी? क्या मानसिक प्रताड़ना की वजह से उन्होंने अपना पहला बच्चा खो दिया? क्यों बोलीं, "विजय अन्ना जिम्मेदार हैं"? आखिर 15 लाख रुपये के कथित किडनी स्कैम का मामला क्या है? जूली के आरोपों ने तमिलनाडु की राजनीति और सोशल मीडिया में नया तूफान खड़ा कर दिया है।

एक्ट्रेस और पूर्व नर्स जूली ने तमिलनाडु की राजनीति और फिल्म जगत में हलचल मचा देने वाले आरोप लगाए हैं। मीडिया से बातचीत में जूली ने दावा किया कि एक्टर से मुख्यमंत्री बने विजय की पार्टी थमिझगा वेत्री कझगम (TVK) के कुछ समर्थकों द्वारा की गई कथित ऑनलाइन ट्रोलिंग और बदनाम करने की मुहिम ने उन्हें गंभीर मानसिक तनाव दिया। जूली का कहना है कि इसी मानसिक पीड़ा के कारण उन्होंने अपना पहला बच्चा खो दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने आठ लोगों के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराने और अपने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी की है। उनके बयान के बाद राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में नई बहस शुरू हो गई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ट्रोलिंग से शुरू हुआ पूरा विवाद

जूली के मुताबिक उन्होंने मार्च महीने में कथित ऑनलाइन उत्पीड़न और मानहानि के मामले में पुलिस से संपर्क किया था। उन्होंने आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिन पर सोशल मीडिया के जरिए उन्हें निशाना बनाने का आरोप लगाया गया। एक्ट्रेस का दावा है कि बाद में उन्हें एक नोटिस मिला, जिसमें बताया गया कि मामला आपराधिक नहीं बल्कि सिविल मानहानि की श्रेणी में आता है। जूली का कहना है कि उन्हें इस नोटिस की जानकारी काफी बाद में मिली।

"मेरे पहले बच्चे की मौत मानसिक प्रताड़ना की वजह से हुई"

मीडिया से बातचीत में इमोशनल होते हुए जूली ने कहा कि उनकी हाल ही में शादी हुई थी और उन्होंने अपना पहला बच्चा खो दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही ऑनलाइन ट्रोलिंग और मानसिक तनाव ने उनकी प्रेग्नेंसी पर गंभीर असर डाला। बकौल जूली, "मैं चाहूं तो इस घटना के जरिए लोगों की सहानुभूति हासिल कर सकती हूं, लेकिन मेरा मकसद सिर्फ यह बताना है कि मेरे और मेरे पति के खिलाफ किस तरह की अपमानजनक और झूठी बातें फैलाई जा रही हैं।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जो भी महिला TVK या उसके समर्थकों के खिलाफ आवाज उठाती है, उसकी छवि खराब करने की कोशिश की जाती है।

"मेरा बच्चा गिर गया, इसके लिए विजय अन्ना जिम्मेदार"

अपने बयान में जूली ने कहा, "मैंने अपना बच्चा खो दिया। इसके लिए विजय अन्ना जिम्मेदार हैं। उन्होंने सीधे तौर पर ऐसा नहीं किया, लेकिन अगर उन्होंने सिर्फ एक बार अपने समर्थकों से पीछे हटने और ट्रोलिंग बंद करने के लिए कहा होता, तो शायद आज मैं यह नुकसान नहीं झेलती।" जूली के इस बयान ने सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।

15 लाख रुपए के कथित किडनी स्कैम का भी जिक्र

जूली ने आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद उनके खिलाफ 15 लाख रुपए के कथित किडनी स्कैम से जुड़े आरोप फैलाए जाने लगे। उनका दावा है कि कुछ लोगों ने पूरी कहानी तैयार की, उसे सोशल मीडिया पर फैलाया और उनके खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की। जूली ने आरोप लगाया कि इसमें एक TVK समर्थक और एक वकील की भूमिका रही।

शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप

जूली का कहना है कि उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया क्योंकि जिन लोगों पर उन्होंने आरोप लगाए हैं, वे TVK समर्थक बताए जाते हैं।उन्होंने सवाल उठाया कि अगर किसी महिला के खिलाफ लगातार ऑनलाइन हमले हो रहे हैं तो उसकी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि शिकायत दर्ज कराने के समय तो DMK सरकार सत्ता में थी, तब जूली ने स्पष्ट किया कि उन्होंने शिकायत उसी दौरान, चुनावी माहौल के बीच दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि अब नई सरकार सत्ता में है, इसलिए उसकी जिम्मेदारी बनती है कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कराए और उचित कार्रवाई सुनिश्चित करे।

"इंस्टाग्राम के जरिए मुख्यमंत्री बने विजय"

विजय पर निशाना साधते हुए जूली ने कहा, "लोग कहते हैं कि विजय इंस्टाग्राम के जरिए मुख्यमंत्री बने हैं। अगर ऐसा है तो उन्हें उन लोगों पर ध्यान देना चाहिए जो जनता के लिए काम कर रहे हैं, ना कि उन लोगों पर जो दूसरों को निशाना बनाते हैं।" यह बयान भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।