अजय देवगन की ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ को पाइरेसी से बचाने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट ने बड़ा आदेश दिया है। कोर्ट ने 9 वेबसाइटों को फिल्म की अवैध स्ट्रीमिंग और डाउनलोड पर रोक लगाई है।

अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। इस बीच इस मूवी को अब कानूनी सुरक्षा भी मिल गई है। 'दृश्यम 3' की रिलीज के साथ ही मेकर्स ने पाइरेसी के खिलाफ कानूनी कदम उठाया था। जिसकी वजह से ऑनलाइन स्ट्रीम या डाउनलोड कराने वाली 9 वेबसाइटों पर रोक लगा दी जाएगी। दिल्ली हाईकोर्ट ने ये आदेश जारी किया है।

9 वेबसाइटों पर कोर्ट ने लगाई रोक

दिल्ली हाईकोर्ट ने 1 अक्टूबर 2026 के आदेश में नौ वेबसाइटों और उनसे जुड़े लोगों को ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ को बिना अनुमति होस्ट करने, स्ट्रीम करने या डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराने से रोक दिया। यह आदेश जस्टिस पुरुषैंद्र कुमार कौरव ने पारित किया। फिल्म के निर्माता Digital18 Media Private Limited ने अदालत का रुख किया था। मेकर्स को आशंका थी कि फिल्म की रिलीज के बाद कुछ वेबसाइटें इसकी अवैध कॉपी इंटरनेट पर उपलब्ध करा सकती हैं। कोर्ट ने पहली नजर में निर्माता का पक्ष मजबूत पाया और ad-interim ex parte injunction जारी किया। अदालत ने यह भी माना कि इस तरह की पाइरेसी से होने वाले नुकसान की भरपाई केवल पैसों से पूरी तरह नहीं हो सकती।

वेबसाइटों को ब्लॉक करने के निर्देश

अदालत ने संबंधित डोमेन रजिस्ट्रार और इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स को संबंधित वेबसाइटों के डोमेन को सस्पेंड, ब्लॉक, डिसेबल या डीएक्टिवेट करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है। आदेश के मुताबिक, संबंधित पक्षों को नोटिस और जरूरी सबूत मिलने के 72 घंटे के भीतर कार्रवाई करनी है।

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर भविष्य में किसी दूसरी वेबसाइट या व्यक्ति द्वारा फिल्म की पाइरेसी सामने आती है, तो निर्माता संबंधित डोमेन रजिस्ट्रार, इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर या सरकारी विभाग को इसकी जानकारी दे सकते हैं, ताकि जरूरी कार्रवाई की जा सके।

पहले भी पाइरेसी का आरोप

Digital18 Media ने अदालत को बताया कि जिन वेबसाइटों के खिलाफ मामला दायर किया गया है, उन पर पहले भी कॉपीराइट कंटेंट की कथित पाइरेसी का आरोप रहा है। कंपनी ने खास तौर पर अपनी फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ के कंटेंट के अवैध इस्तेमाल का हवाला दिया था।

और पढ़ें: Drishyam 3: 5वें दिन कितने शोज में चल रही अजय देवगन की दृश्यम 3? जानें टॉप-10 शहर

क्या है ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’?

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ (Drishyam: The Conclusion) ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी और अंतिम फिल्म है। इसमें अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर की भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म में तब्बू, श्रिया सरन और जयदीप अहलावत भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज हुई है और यह विजय सालगांवकर की कहानी का अंतिम अध्याय है।

और पढ़ें: 11 साल से नहीं सुलझी ‘सैम’ की हत्या की गुत्थी, ‘दृश्यम 3’ के बाद फिर चर्चा में ऋषभ चड्ढा