British Academy Film Awards 2026 में आलिया भट्ट ने हिंदी में स्पीच देकर सभी का दिल जीत लिया। Samantha Ruth Prabhu ने उनका सपोर्ट करते हुए एक वीडियो शेयर किया। आलिया का देसी अंदाज सोशल मीडिया पर छा गया है।
BAFTA 2026 में आलिया भट्ट ने हिंदी में दी स्पीच से भारतवासियों का मनमोह लिया। अब इस बात के लिए सेलेब्रिटी की तरफ से भी उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। साउथ एक्ट्रेस सामंथा रुथ प्रभु आलिया भट्ट द्वारा 79वें ब्रिटिश अकादमी फिल्म पुरस्कारों में हिंदी में दी गई स्पीच पर इमोशनल हो गईं।
बॉलीवुड स्टार आलिया भट्ट ने बाफ्टा अवॉर्ड्स में अवॉर्ड प्रेजेंटर के तौर पर अपना डेब्यू किया। उन्होंने 79वें ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवॉर्ड्स में अपने भाषण की शुरुआत हिंदी में करके इसे एक देसी अंदाज अपनाया। इस अंदाज ने न सिर्फ सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीता बल्कि सामंथा रुथ प्रभु ने भी इसकी खूब तारीफ की।
सामंथा रुथ प्रभु ने आलिया भट्ट का किया सपोर्ट
सोमवार को सामंथा ने इंस्टाग्राम पर आलिया के बाफ्टा अवॉर्ड्स 2026 में दिए गए भाषण का वीडियो शेयर किया। वीडियो के साथ उन्होंने आलिया को टैग करते हुए एक व्हाइट हार्ट वाला इमोजी भी शेयर किया और उन पर प्यार बरसाया। यह पहली बार नहीं है जब सामंथा ने आलिया के लिए इस तरह सपोर्ट किया है।
इससे पहले, जब आलिया की फिल्म जिगरा को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था, तब सामंथा ने उनका सपोर्ट करते हुए लिखा था, "@aliaabhatt तुम शेरनी हो! तुम्हारी एक्टिंग इतनी शानदार थी कि मैं तुमसे नज़रें नहीं हटा पाई! तुम्हारे साहसिक फैसले... तुम्हारे द्वारा खुद के लिए तय किए गए स्टेंडर्ड (चमकदार बाइसेप्स और आग वाले इमोजी)। इंस्पायर करती रहो!"
बाफ्टा अवार्ड्स 2026 में आलिया भट्ट
बाफ्टा अवार्ड्स में आलिया ने सिल्वर सीक्वेंस वाले गाउन में जलवा बिखेरा, जिसे उन्होंने सफेद फर स्टोल के साथ पहना था। उनका यह लुक मर्लिन मोनरो से इंस्पायर था।
अवार्ड पेश करने के लिए मंच पर आते ही आलिया ने कहा, “नमस्कार! अगला अवार्ड एक ऐसी फिल्म के लिए है, जो अंग्रेजी में नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा, “अभी सबटाइटल देखने की ज़रूरत नहीं है। मैं हिंदी में बस इतना कह रही थी कि अगला पुरस्कार किसी गैर-अंग्रेजी फिल्म के लिए है। क्योंकि भले ही फिल्म अनगिनत आवाज़ों में बोलती है, लेकिन हम हमेशा सिनेमा की भाषा का सम्मान करते हैं। और यह भाषा हम सभी धाराप्रवाह बोलते हैं। और नामांकित कलाकार भी कमाल के हैं।”
सामंथा रुथ प्रभु और आलिया भट्ट के अपकमिंग प्रोजेक्ट
सामंथा अगली बार फिल्म 'मां इंटी बंगारम' में नज़र आएंगी, जिसे फिल्म निर्माता राज निदिमोरु ने प्रोड्यूस किया है और नंदिनी रेड्डी ने डायरेक्ट किया है। टीज़र में सामंथा को एक गृहिणी के रूप में दिखाया गया है जो गुंडों से लड़ते हुए अपने ससुराल वालों को प्रभावित करने की कोशिश करती है। यह फिल्म 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है। इसके अलावा, राज और डीके की फिल्म 'रक्त ब्रह्मांड' भी पाइपलाइन में है।


