Highest paid indian actor: क्या वाकई अल्लू अर्जुन भारत के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले एक्टर बन गए हैं? क्या Pushpa 2 ने उन्हें बिग बजट फिल्मों की लागत से भी ज्यादा की कमाई दिलाई? कैसे पीछे छूट गए शाहरुख खान, सलमान खान, आमिर खान और रजनीकांत? आखिर किस फिल्म ने बदल दी फीस का पूरा खेल? जानिए भारतीय सिनेमा के नए 'पे-चेक किंग' की पूरी कहानी।

भारतीय सिनेमा में स्टार्स की फीस हमेशा चर्चा का विषय रही है। एक समय था जब अमिताभ बच्चन, फिर तीनों खान और बाद में रजनीकांत सबसे ज्यादा कमाई करने वाले सितारों की सूची में शीर्ष पर रहते थे। लेकिन अब तस्वीर बदलती नजर आ रही है। हालिया ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘पुष्पा 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद अल्लू अर्जुन ने फीस और प्रॉफिट शेयरिंग के मामले में नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। कहा जा रहा है कि वे सबसे ज्यादा फीस लेने वाले इंडियन स्टार बन गए हैं। खास बात यह है कि जितनी उनकी फीस बताई जा रही है, उसमें सिर्फ 50 करोड़ रुपए और मिलाने से 'पेद्दी' जैसी पूरी फिल्म बन सकती है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

Pushpa 2 ने बदला फीस का पूरा गणित गणित

ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, अल्लू अर्जुन ने ‘पुष्पा 2: द रूल’ के लिए सिर्फ तय फीस ही नहीं ली, बल्कि फिल्म के मुनाफे में भी हिस्सेदारी हासिल की। फिल्म ने दुनियाभर में1700 करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार किया, जबकि फिल्म का मुनाफा 600 करोड़ रुपए से ऊपर रहा। इस कमाई में अल्लू अर्जुन को भी बड़ा हिस्सा मिला।ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक़, फिल्म से उनकी कुल कमाई लगभग 300 करोड़ रुपए या उससे अधिक आंकी जा रही है। यह रकम इतनी बड़ी है कि यह कई भारतीय फिल्मों के कुल बजट से भी ज्यादा बताई जा रही है। उदाहरण के तौर पर, एक समय भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल ‘बाहुबली 2’ का निर्माण बजट भी 250 करोड़ रुपए से कम माना जाता है। जबकि हाल ही में रिलीज हुई 'पेद्दी' का बजट लगभग 350 करोड़ रुपए है, जो अल्लू अर्जुन की फीस से सिर्फ 50 करोड़ रुपए ज्यादा है।

शाहरुख, सलमान और आमिर खान कैसे अल्लू अर्जुन से पीछे छूटे?

पिछले तीन दशकों में बॉलीवुड के तीनों खान सबसे ज्यादा फीस लेने वाले सितारों में शामिल रहे हैं। शाहरुख खान ने प्रॉफिट शेयरिंग मॉडल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, जबकि आमिर खान ने 100 करोड़ रुपए फीस का आंकड़ा पार किया। बाद के वर्षों में तीनों खान एक फिल्म से 100 करोड़ रुपए से ज्यादा कमाने लगे। 2023 में ‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी फिल्मों के बाद शाहरुख खान की कमाई 200 करोड़ रुपए से ऊपर पहुंचने की चर्चा रही, लेकिन अब अल्लू अर्जुन कथित तौर पर उससे भी आगे निकल गए हैं।

रजनीकांत का रिकॉर्ड भी ज्यादा दिन नहीं टिक पाया

साल 2024 में तमिल सुपरस्टार रजनीकांत ने ‘जेलर’ की जबरदस्त सफलता के बाद कथित तौर पर 250 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर सबसे ज्यादा फीस लेने वाले भारतीय एक्टर का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। हालांकि कुछ ही समय बाद ‘पुष्पा 2’ की ब्लॉकबस्टर सफलता ने यह ताज अल्लू अर्जुन के सिर पर पहुंचा दिया।

चिरंजीवी से शुरू हुई थी करोड़ों की फीस की कहानी

भारतीय सिनेमा में बड़ी फीस का दौर 1990 के दशक में तब सुर्खियों में आया था, जब चिरंजीवी एक फिल्म के लिए 1 करोड़ रुपए लेने वाले पहले भारतीय एक्टर बताए गए। इसके बाद फीस का ग्राफ लगातार बढ़ता गया और आज सुपरस्टार्स की कमाई सैकड़ों करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी है।

अब किस फिल्म में नजर आएंगे अल्लू अर्जुन?

अल्लू अर्जुन पिछले पांच वर्षों में सिर्फ ‘पुष्पा’ फ्रेंचाइजी की फिल्मों में नजर आए हैं। उनकी अगली बड़ी फिल्म निर्देशक एटली के साथ ‘राका’ बताई जा रही है। इस मेगा बजट एक्शन एडवेंचर फिल्म में उनके साथ दीपिका पादुकोण भी दिखाई देंगी। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म दिसंबर 2027 में रिलीज हो सकती है।