अमिताभ बच्चन ने ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए पहुंची प्रिटी जिंटा से मजेदार शिकायत की। बर्थडे मैसेज का जवाब न मिलने पर दोनों की नोकझोंक ने फैंस को खूब हंसाया।

अमिताभ बच्चन और प्रिटी जिंटा की पुरानी दोस्ती और शानदार ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री एक बार फिर चर्चा में है। ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के नए प्रोमो में दोनों के बीच ऐसा मजेदार पल देखने को मिला, जिसने दर्शकों का ध्यान खींच लिया। शो में सनी देओल के साथ अपनी फिल्म ‘बटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए पहुंचीं प्रिटी से अमिताभ ने जन्मदिन की बधाई का जवाब नहीं देने की शिकायत की। बिग बी ने बताया कि वह हर साल 31 जनवरी को प्रिटी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हैं, लेकिन उन्हें कभी जवाब नहीं मिलता। प्रिटी ने भी इसका मजेदार जवाब देकर माहौल को और हल्का कर दिया।

अमिताभ बच्चन ने प्रिटी जिंटा से क्या शिकायत की?

‘कौन बनेगा करोड़पति’ के नए प्रोमो में अमिताभ बच्चन ने प्रिटी जिंटा से मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें उनसे एक बड़ी शिकायत है। बिग बी ने बताया कि वह हर साल 31 जनवरी को प्रिटी के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देते हैं, लेकिन एक्ट्रेस ने कभी उनके मैसेज का जवाब नहीं दिया। अमिताभ की शिकायत सुनकर प्रिटी ने भी तुरंत सफाई दी। उन्होंने हंसते हुए कहा, “नहीं... अमित जी, मैं हमेशा आपको जवाब देती हूं, लेकिन एक हफ्ते बाद।” प्रिटी के इस जवाब ने बातचीत को और मजेदार बना दिया।

View post on Instagram

अमिताभ बच्चन ने पुराने मैसेज का कौन सा सबूत दिखाया?

प्रिटी जिंटा की सफाई के बाद अमिताभ बच्चन ने अपनी शिकायत के समर्थन में एक पुराना सोशल मीडिया पोस्ट भी दिखाया। इसमें उन्होंने प्रिटी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके मैसेज का जवाब नहीं देने की बात कही थी। अमिताभ की पुरानी पोस्ट में लिखा था, “प्रिटी जिंटा...!! आप जहां भी हों, क्योंकि आपने मेरे SMS का जवाब देने से मना कर दिया है... हा हा... जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई... ढेर सारा प्यार और खुशियां।” दोनों सितारों की यह पुरानी नोकझोंक ‘केबीसी 18’ में दोबारा सामने आई तो दर्शक भी खूब हंसे।

अमिताभ बच्चन और प्रिटी जिंटा की जोड़ी किन फिल्मों में दिखी?

अमिताभ बच्चन और प्रिटी जिंटा पहले भी कई चर्चित फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं। दोनों ने ‘वीर ज़ारा’, ‘कभी अलविदा ना कहना’, 'अरमान' और ‘द लास्ट लियर’ जैसी फिल्मों में काम किया है। ऐसे में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर दोनों की दोबारा मुलाकात ने उनकी ऑफ-स्क्रीन बॉन्डिंग की झलक भी दिखा दी।

प्रिटी जिंटा और सनी देओल ‘बटवारा 1947’ के बारे में

प्रिटी जिंटा और सनी देओल की हिस्टोरिकल ड्रामा फिल्म ‘बटवारा 1947’ भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है और उस ऐतिहासिक घटना की मानवीय कीमत को कहानी के केंद्र में रखती है। फिल्म का निर्माण आमिर खान ने किया है, जबकि निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। 14 अगस्त को रिलीज होने जा रही ‘बटवारा 1947’ के जरिए सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी भी लंबे समय बाद वापसी कर रही है। दोनों इससे पहले ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक: लीथल’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं।