अनूप जलोटा ने ‘बिग बॉस 12’ में जसलीन मथारू संग रिश्ते पर बात की। उन्होंने अफेयर के दावे पर खुलासा किया और अपनी तीन शादियों और अब प्यार से दूर रहने की बात भी कही।

भजन सम्राट अनूप जलोटा एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका और जसलीन मथारू का वो रिश्ता है, जिसने ‘बिग बॉस 12’ के दौरान खूब सुर्खियां बटोरी थीं। शो में दोनों ने बतौर जोड़ी एंट्री की थी और 36 साल की जसलीन ने नेशनल टेलीविजन पर 73 साल के अनूप के साथ अफेयर का दावा किया था। दोनों के बीच उम्र के 37 साल के बड़े फासले को लेकर भी सोशल मीडिया पर खूब बातें हुईं और उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। अब ‘द निधि शो’ में अनूप जलोटा ने उस पूरे मामले पर खुलकर बात की और बताया कि आखिर 'बिग बॉस' के मंच पर उनके रिश्ते को लेकर ऐसा दावा क्यों किया गया था।

‘बिग बॉस 12’ में जसलीन के साथ क्यों पहुंचे थे अनूप जलोटा?

अनूप जलोटा ने बताया कि उन्होंने कभी ‘बिग बॉस’ नहीं देखा था। जसलीन उनसे गाना सीखने आती थीं। एक दिन उन्होंने अनूप को बताया कि उन्हें ‘बिग बॉस’ में बुलाया जा रहा है। अनूप ने उन्हें जाने की सलाह दी। इसके बाद जसलीन ने बताया कि शो के मेकर्स ने विचित्र जोड़ी बनकर आने की शर्त रखी है और उनसे साथ चलने को कहा। अनूप ने बताया, “मैंने कहा था कि मुझे तो टाइम भी नहीं मिलता। फिर मैंने कहा कि चलो गुरु-शिष्य बनकर चलते हैं। वो भी विचित्र जोड़ी है।”

स्टेज पर जसलीन ने अफेयर का दावा क्यों किया?

अनूप के मुताबिक, वह ‘बिग बॉस’ के मंच पर भजन गाने पहुंचे थे। उन्होंने सलमान खान से कहा था कि उनके साथ उनकी शिष्या आई हैं। लेकिन इसके बाद जसलीन ने मंच पर आकर कहा कि उनका अनूप जलोटा के साथ अफेयर है। अनूप ने बताया, “मैंने बिग बॉस के मंच पर भजन गाया था। मैंने सलमान खान से कहा था कि मेरे साथ मेरी शिष्य (स्टूडेंट) आई हैं। लेकिन जसलीन ने स्टेज पर आकर कह दिया कि मेरा तो इनसे (अनूप जलोटा) अफेयर है।”

अफेयर की बात से अनूप जलोटा को फर्क क्यों नहीं पड़ा?

जब उनसे पूछा गया कि जसलीन के अफेयर वाले दावे से उन्हें फर्क नहीं पड़ा था, तो अनूप ने कहा, “नहीं, हमने सोचा था कि बाद में सभी को बता देंगे। ट्रोल होने से क्या ही फर्क पड़ता है।” उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने जसलीन से पूछा था कि उन्होंने अफेयर की बात क्यों कही। जसलीन ने जवाब दिया कि इसी से कंट्रोवर्सी होती है।

जसलीन के पिता के साथ मिलकर क्या कहा था अनूप ने?

अनूप जलोटा ने बताया कि ‘बिग बॉस’ से बाहर आने के बाद जब वह घर पहुंचे तो उनकी मां ने उनसे पूछा कि जसलीन कौन है। इसके बाद जसलीन के पिता और अनूप ने मीडिया से बातचीत की। अनूप के मुताबिक, दोनों ने कहा था कि वे मिलकर जसलीन का कन्यादान करेंगे। उनके अनुसार, इसी के साथ यह कंट्रोवर्सी खत्म हो गई थी।

तीन शादियों पर अनूप जलोटा ने क्या कहा?

अनूप जलोटा ने अपनी मैरिड लाइफ पर भी बात की। उन्होंने बताया कि उन्होंने तीन शादियां कीं, लेकिन तीनों ही शादी उनके लिए काफी दर्दभरी रहीं और उन्हें हर शादी में तकलीफ मिली। उन्होंने कहा कि तीन शादियां करना गलत नहीं है, लेकिन एक साथ तीन पत्नियां रखना गलत है। अनूप ने स्पष्ट किया कि उन्होंने हर शादी तलाक के बाद की थी। साथ ही उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि अब वह किसी के प्यार में नहीं पड़ेंगे।