‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ पर आलोचनाओं के बीच आशीष चंचलानी ने समय रैना का समर्थन किया और कहा कि शो को वापस लाने के लिए उन्होंने कई मुश्किल लड़ाइयां लड़ी हैं।
कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2’ को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों ने शो को पहले के मुकाबले ‘बहुत ज्यादा फिल्टर्ड’ बताया, जिसके बाद यूट्यूबर आशीष चंचलानी खुलकर समय रैना के समर्थन में सामने आए हैं। आशीष चंचलानी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट साझा करते हुए कहा कि समय रैना ने इस शो को दोबारा शुरू करने के लिए पर्दे के पीछे कई मुश्किल लड़ाइयां लड़ी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शो और उसके क्रिएटर को समझें और उनका समर्थन करें।

आशीष चंचलानी ने क्या कहा?
आशीष ने लिखा कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ की वापसी लगभग तय थी, लेकिन इसे फिर से दर्शकों तक पहुंचाने के लिए समय रैना ने अथक मेहनत की। उन्होंने कहा कि पिछले साल शो को लेकर हुए विवाद और कानूनी लड़ाइयों के बाद टीम ने यह संकल्प लिया था कि वे अपनी कॉमेडी की सीमाओं का ध्यान रखेंगे ताकि दोबारा ऐसी स्थिति पैदा न हो। आशीष ने याद दिलाया कि वह, समय रैना, रणवीर अल्लाहबादिया और अपूर्वा पहले भी विवादों और कानूनी चुनौतियों का सामना कर चुके हैं। ऐसे में दर्शकों को यह समझना चाहिए कि नए सीजन को वापस लाना आसान नहीं था।
20 जून को रिलीज हुआ पहला एपिसोड
‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का पहला एपिसोड 20 जून को एक साथ यूट्यूब और नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया। इस एपिसोड में फिल्म ‘अल्फा’ की स्टार्स आलिया भट्ट और शरवरी खास मेहमान के तौर पर नजर आईं। उनके साथ आशीष सोलंकी और बलराज घई भी पैनल में शामिल थे।
इन कंटेस्टेंट्स ने जीता दर्शकों का दिल
पहले एपिसोड में अविनाश अग्रवाल और सुकृत देव की परफॉर्मेंस को काफी सराहा गया। अविनाश ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मिमिक्री कर सभी को खूब हंसाया, जबकि मराठी थिएटर से जुड़े सुकृत देव ने अपनी शानदार एक्टिंग से जजों और दर्शकों का दिल जीत लिया। आलिया भट्ट और शरवरी से तारीफ मिलने के बाद वह भावुक भी हो गए। शो के दौरान समय रैना ने आलिया और शरवरी के साथ मजेदार रोस्टिंग की, वहीं दोनों अभिनेत्रियों ने भी अपने शानदार जवाबों से माहौल को और मनोरंजक बना दिया। अब फैंस को ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के अगले एपिसोड का बेसब्री से इंतजार है।
और पढ़ें: महाभारत की 'कुंती' ने की सीक्रेट वेडिंग, डेढ़ साल बाद दुनिया को मिलवाया पति जीशान से
सांयतनी घोष ने सुनाई TV इंडस्ट्री की सच्चाई, 'डस्की स्किन की वजह से...'
