आमिर खान की शादी के बाद बजरंग दल ने 'लव जिहाद' का आरोप लगाकर उनका पुतला जलाया। संगठन के अनुसार, आमिर हिंदू महिलाओं से शादी कर और बच्चों को मुस्लिम नाम देकर हिंदू धर्म का अपमान कर रहे हैं।
मुंबईः बॉलीवुड एक्टर आमिर खान की शादी के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता उनके खिलाफ़ प्रदर्शन कर रहे हैं। संगठन ने आमिर पर 'लव जिहाद' का आरोप लगाते हुए उनका पुतला जलाया। प्रदर्शनकारी 'आमिर खान मुर्दाबाद' और 'आमिर खान जिहादी भारत छोड़ो' जैसे नारे लगा रहे थे।
बजरंग दल के नेता मनोज सोनी ने आरोप लगाया कि आमिर खान लगातार हिंदू महिलाओं से शादी करके हिंदू धर्म का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "आमिर खुलेआम हिंदुओं को चुनौती दे रहे हैं। क्या यहां कोई कानून-व्यवस्था नहीं है जो उन पर कार्रवाई करे?"
संगठन का एक और आरोप यह है कि आमिर हिंदू महिलाओं से शादी करने के बावजूद अपने बच्चों के नाम मुस्लिम रखते हैं। बजरंग दल ने धमकी दी है कि अगर आमिर ने ऐसी हरकतें बंद नहीं कीं तो उन्हें सबक सिखाया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया, "हिंदू महिलाओं से शादी के बाद बच्चों के नाम तैमूर, अफरोज, सलमान रखना कहां का कानून है? उन्हें मुस्लिम महिलाओं से प्यार क्यों नहीं होता? वो सिर्फ हिंदू महिलाओं से ही प्यार क्यों करते हैं?"
मनोज सोनी ने यह भी कहा कि एक्टर देश में शांति का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं और ऐसा बर्ताव कर रहे हैं जैसे उन पर कोई कानून लागू ही नहीं होता।
यह पूरा विरोध प्रदर्शन आमिर खान की गौरी स्प्रैट से शादी के बाद हुआ है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक, तमिल-आयरिश मूल की गौरी स्प्रैट ईसाई धर्म को मानती हैं। बता दें कि आमिर की पहली पत्नियां रीना दत्ता और किरण राव थीं।
