सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ की कमाई में भारी गिरावट देखी जा रही है। छठे दिन तक आते-आते फिल्म ने बॉक्सऑफिस पर दम तोड़ दिया है। जानें कितनी रही छठे दिन की कमाई?

सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' से जितनी उम्मीदें थीं, वो उस पर खरी उतरती नहीं दिख रही है। फिल्म पहले दिन से ही दर्शकों के लिए तरस रही है। यहां तक कि ओपनिंग डे के लिए एडवांस बुकिंग में भी यह मूवी इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' से 5 गुना पीछे रह गई थी। हालांकि, अब छठे दिन की कमाई के आंकड़ों ने तो बिल्कुल ही चौंका दिया है।

Batwara 1947: छठे दिन कितनी हुई कमाई?

Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के छठे दिन यानी 19 अगस्त को रात 8 बजे तक बंटवारा 1947 ने महज 1 करोड़ से भी कम यानी सिर्फ 83 लाख रुपए की नेट कमाई की है। इससे भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹37.51 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन ₹31.58 करोड़ हो गया है। हालांकि, भारत में छठे दिन के फाइनल कलेक्शन की जानकारी देर रात तक आएगी। छठे दिन फिल्म को देशभर में 5,789 शो मिले।

फर्स्ट वीकेंड के बाद लगातार गिर रही कमाई

फिल्म के कलेक्शन में पहले वीकेंड के बाद लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। ऐसे में आने वाले दिनों का प्रदर्शन फिल्म के लिए काफी अहम रहने वाला है। फिल्म की अब तक की रोजाना कमाई पर नजर डालें तो पहले दिन के मुकाबले बाद के दिनों में कलेक्शन में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।

Batwara 1947: डे-वाइज कमाई

पहला दिन - ₹5.75Cr

दूसरा दिन - ₹13.50Cr

तीसरा दिन - ₹7.25Cr

चौथा दिन - ₹2.00Cr

पांचवा दिन - ₹2.25Cr

छठा दिन - ₹0.83Cr (रात 8 बजे तक)

बंटवारा 1947 ने रिलीज के दूसरे दिन यानी 15 अगस्त को सबसे ज्यादा ₹13.50 करोड़ की कमाई की थी। इस दिन इंडिपेंडेंस डे की छुट्टी का फायदा भी मिला था। हालांकि, इसके बाद तीसरे दिन कलेक्शन घटकर ₹7.25 करोड़ रह गया। चौथे और पांचवें दिन फिल्म ने क्रमशः ₹2 करोड़ और ₹2.25 करोड़ का कारोबार किया। अब छठे दिन शुरुआती आंकड़ा 83 लाख रुपये तक पहुंच गया है।

वर्ल्डवाइड कितनी पहुंची कमाई?

ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो 5वें दिन तक फिल्म ने 6.75 करोड़ कमाए थे। यानी कुल ग्रॉस कलेक्शन और विदेशों से होने वाली कमाई मिलाकर फिल्म का कलेक्शन अभी सिर्फ 44 करोड़ के आसपास पहुंचा है। ऐसे में आने वाले दिनों में दूसरी फिल्में रिलीज होने के बाद इसकी कमाई पर और ज्यादा असर पड़ने की संभावना है।

क्या बजट निकाल पाएगी 'बंटवारा 1947'

  • रिपोर्ट्स के मुताबिक, सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' 120 से 150 करोड़ के भारी-भरकम बजट में बनी है।
  • फिल्म के लिए सनी देओल ने ही 45-60 करोड़ रुपए चार्ज किए हैं। वहीं, प्रिटी जिंटा को 7-10 करोड़ रुपए मिले हैं।
  • फिल्म की मौजूदा कमाई को देखकर तो यही लगता है कि इसके लिए फिलहाल अपना बजट निकाल पाना भी टेढ़ी खीर साबित हो सकता है।
  • बता दें कि फिल्म को आमिर खान प्रोडक्शन के बैनर तले बनाया गया है।
  • डायरेक्शन राजकुमार संतोषी ने किया है। 145 मिनट की इस पीरियड ड्रामा मूवी में सनी देओल-प्रिटी जिंटा के अलावा शबाना आजमी, अली फजल, करण देओल, खुशी हजारे, अभिमन्यु सिंह, कनिका कपूर और ईशा संधिर ने काम किया है।