'भोजपुरी बवाल' के नए प्रोमो में आम्रपाली दुबे ने मां बनने की इच्छा जाहिर कर सभी को चौंका दिया। वहीं एक अन्य प्रोमो में पवन सिंह अपनी मां को लेकर भावुक नजर आए।
भोजपुरी इंडस्ट्री का नया रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' लॉन्च से पहले ही जबरदस्त चर्चा में है। शो के नए प्रोमो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। प्रोमो में भोजपुरी सुपरस्टार आम्रपाली दुबे अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा फैसला बताते हुए मां बनने की इच्छा जाहिर करती हैं, जिसे सुनकर उनके परिवार वाले और भोजपुरी सुपरस्टार निरहुआ भी हैरान रह जाते हैं। वहीं दूसरे प्रोमो में पवन सिंह अपनी मां के साथ बेहद इमोशनल मोमेंट शेयर करते नजर आते हैं। दोनों प्रोमो तेजी से वायरल हो रहे हैं और दर्शकों के बीच शो को लेकर उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। यह शो 2 अगस्त से जियोहॉटस्टार और कलर्स पर प्रसारित होगा।
आम्रपाली दुबे ने जताई बिना शादी मां बनने की इच्छा
'भोजपुरी बवाल' के नए प्रोमो में आम्रपाली दुबे मंदिर में प्रार्थना करने के बाद इमोशनल अंदाज में कहती हैं, "मैं अपनी जिंदगी का शायद सबसे बड़ा फैसला लेने जा रही हूं। मुझे नहीं पता कि इस फैसले पर मेरा परिवार और मेरे फैंस कैसे रिएक्ट करेंगे, लेकिन मुझे यह करना है। मैं मां बनना चाहती हूं।" उनकी यह बात सुनते ही परिवार के सदस्य कुछ पल के लिए चुप हो जाते हैं। प्रोमो में आम्रपाली की आंखें भी नम दिखाई देती हैं।
आम्रपाली के खुलासे पर निरहुआ ने क्या कहा?
आम्रपाली की बात सुनने के बाद दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' कहते हैं, "ये इतना आसान नहीं होगा।" इस पर आम्रपाली जवाब देती हैं, "बच्चे को अकेले बड़ा करना बिल्कुल आसान नहीं है।" इसके बाद निरहुआ कहते हैं, "मुझे लगता है कि आपसे ज्यादा आपके घरवालों को..." जब आम्रपाली शादी का जिक्र करती हैं तो निरहुआ मुस्कुराते हुए पूछते हैं, "तो आप शादी करती क्यों नहीं हो?" यह सुनकर आम्रपाली हैरान रह जाती हैं।
प्रोमो में इमोशनल हुए पवन सिंह
दूसरे वायरल प्रोमो में भोजपुरी स्टार पवन सिंह अपनी मां के साथ बेहद भावुक नजर आते हैं। वह अपनी मां के पैर दबाते हुए पूछते हैं,"ये पैर इतने सूजे हुए क्यों हैं?" इस पर उनकी मां कहती हैं, "शुगर और बीपी है, थोड़ा तबीयत खराब रहती है। तुम सब कुछ छोड़कर मेरे पास आ गए। मेरा बेटा मेरी बहुत इज्जत करता है।" भावुक होते हुए पवन सिंह जवाब देते हैं, "मेरे पास जो भी संपत्ति है, वो सिर्फ और सिर्फ आप हो। अगर मेरी जिंदगी से मां चली गईं, तो मैं खत्म हो जाऊंगा।"
'भोजपुरी बवाल' कब और कहां देख सकते हैं?
भोजपुरी एंटरटेनमेंट रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' का प्रीमियर 2 अगस्त 2026 से जियोहॉटस्टार पर होगा। इसके अलावा शो का प्रसारण कलर्स चैनल पर भी किया जाएगा। शो में आम्रपाली दुबे, दिनेश लाल यादव 'निरहुआ', पवन सिंह, काजल राघवानी समेत भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे नजर आएंगे।
